क्या सच में भारत में वापसी कर रहा Tik-Tok? कंपनी ने इस जगह शुरू कर दी हायरिंग

बीते कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज़ हो गई है कि TikTok एक बार फिर भारत में वापसी करने जा रहा है. इसकी शुरुआत उस वक्त हुई जब कुछ यूज़र्स को कुछ समय के लिए ऐप एक्सेसिबल नज़र आया और साथ ही कंपनी ने गुरुग्राम स्थित अपने ऑफिस में कुछ नई नियुक्तियों के लिए आवेदन मांगे.

Tik Tok Back in india company is hiring in gurgaon location
Image Source: Social Media

बीते कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज़ हो गई है कि TikTok एक बार फिर भारत में वापसी करने जा रहा है. इसकी शुरुआत उस वक्त हुई जब कुछ यूज़र्स को कुछ समय के लिए ऐप एक्सेसिबल नज़र आया और साथ ही कंपनी ने गुरुग्राम स्थित अपने ऑफिस में कुछ नई नियुक्तियों के लिए आवेदन मांगे. लेकिन क्या वाकई TikTok की वापसी हो रही है या फिर ये सिर्फ एक अफवाह है? आइए जानते हैं इसकी सच्चाई.


सरकारी स्तर पर पूरी तरह स्पष्ट कर दिया गया है कि TikTok फिलहाल भारत में बैन ही है. न तो इसे दोबारा शुरू करने की कोई आधिकारिक मंजूरी दी गई है और न ही ऐप Google Play Store या Apple App Store पर उपलब्ध है. भारत सरकार और TikTok की पेरेंट कंपनी ByteDance—दोनों ने ही इन अफवाहों को खारिज किया है और किसी "अनब्लॉक" की खबर को बेबुनियाद बताया है.

कंपनी की हायरिंग ने खड़ी की वापसी की अटकलें

TikTok की ओर से गुरुग्राम ऑफिस के लिए नई नौकरियों की सूची प्रकाशित की गई है, जिनमें Content Moderator (Bengali Speaker) और Wellbeing Partnership & Operations Lead जैसी भूमिकाएं शामिल हैं. इन जॉब पोस्टिंग्स को प्रोफेशनल प्लेटफॉर्म्स जैसे LinkedIn पर देखा गया, जिससे यह धारणा बनी कि कंपनी भारत में फिर से एक्टिव हो रही है.

TikTok पर पाबंदी क्यों लगी थी?

2020 में भारत सरकार ने TikTok समेत 59 चीनी ऐप्स पर पाबंदी लगा दी थी. इसकी मुख्य वजहें थीं – डेटा सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं, चीनी सर्वरों तक भारतीय यूज़र्स का डेटा ट्रांसफर होने की आशंका और राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित जोखिम. इसके बाद TikTok को भारत में पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया गया था.

TikTok के जाने के बाद किसे मिला फायदा?

TikTok के बैन होते ही भारत में शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म्स की भरमार हो गई. Moj, Josh, और MX TakaTak जैसे घरेलू ऐप्स ने तेजी से लोकप्रियता हासिल की. लेकिन अगर किसी ने सबसे ज़्यादा फायदा उठाया, तो वो है Instagram Reels, जो अब भारत में शॉर्ट वीडियो कंटेंट का सबसे बड़ा प्लेटफॉर्म बन चुका है.

क्या TikTok की भारत वापसी संभव है?

कंपनी का भारत में फिर से हायरिंग करना ये संकेत जरूर देता है कि वह अब भी भारतीय बाज़ार को लेकर गंभीर है. हालांकि वापसी के लिए TikTok को भारत सरकार की सख्त शर्तों को पूरा करना होगा, जिसमें लोकल डेटा स्टोरेज, पारदर्शी पॉलिसीज़ और उपयुक्त सुरक्षा मानकों का पालन शामिल है. ऐसा ही कुछ Krafton ने किया था, जब उन्होंने BGMI को नए नियमों के साथ फिर से लॉन्च किया.

यह भी पढ़ें: EPFO ने बदल दिया ये नियम, आपके लिए जानना बेहद जरूरी, पहले नहीं मिला था ये अधिकार