यूपी के औरैया में दिल दहला देने वाला हादसा; नहर में कार गिरने से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत

Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई.

Three members of a family died after their car fell into a canal in Auraiya
Image Source: Internet

Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई. यह हादसा गुरुवार की सुबह सामने आया जब स्थानीय राहगीरों ने निचली गंग नहर में एक कार के टायर को ऊपर की ओर उतराते देखा और सूचना दी. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से मौके पर राहत कार्य शुरू किया गया, और कार से तीन शव निकाले गए. ये सभी लोग शादी समारोह से लौट रहे थे.

रात के समय हुआ हादस

घटना अछल्द थाना क्षेत्र के गांव तुरुकपुर के पास हुई, जहां बीती रात किसी समय एक कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई. हादसे में मृतक कार में सवार एक पति-पत्नी और उनका बेटा थे. मृतकों के बारे में जानकारी मिली है कि वे दिबियापुर से भरथना जा रहे थे. पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने शवों की पहचान की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

स्थानीय लोगों ने दी सूचना

यह घटना तब सामने आई जब गुरुवार सुबह स्थानीय राहगीरों ने नहर में कार के टायर को बाहर निकलते देखा. तुरंत ही उन्होंने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया. डीएम औरैया इंद्रमणि त्रिपाठी ने घटना स्थल का दौरा किया और बताया कि नहर में कार गिरने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया.

रेस्क्यू ऑपरेशन और प्रारंभिक जांच

रेस्क्यू टीम ने कार से एक महिला और दो पुरुषों के शव निकाले. कार के भीतर मिले शादी के कार्ड से यह पुष्टि हुई कि मृतक परिवार भरथना (इटावा) के रहने वाले थे. घटनास्थल पर एनडीआरएफ की टीम भी तलाशी अभियान में जुटी हुई है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अन्य कोई व्यक्ति या वाहन नहर में न गिरा हो. प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि यह हादसा तेज रफ्तार या कार के अनियंत्रित होने के कारण हुआ था.

मृतक परिवार की पहचान डालडा कारोबारी राजीव गुप्ता, उनकी पत्नी और बेटे के रूप में की गई है. परिवार शादी के एक समारोह से लौट रहा था, लेकिन इस अनहोनी ने उनकी खुशियों को चुराकर परिवार के तीन अनमोल सदस्य छीन लिए. 

ये भी पढ़ें: लॉरेंस गैंग की लेडी डॉन 'मैडम जहर' अरेस्ट, ब्यूटी पार्लर की आड़ में करती थी ये काम, जानें पूरा मामला