पीएम मोदी आज करेंगे AI समिट का उद्घाटन, आम पब्लिक की एंट्री नहीं, कई देशों के टेक दिग्गज होंगे शामिल

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज राजधानी में स्थित भारत मंडपम में ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन 2026’ का उद्घाटन करेंगे.

PM Modi will inaugurate AI summit today complete schedule
Image Source: ANI

AI Impact Summit: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज राजधानी में स्थित भारत मंडपम में ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन 2026’ का उद्घाटन करेंगे. इस सम्मेलन का मकसद भारत को कृत्रिम मेधा (AI) के क्षेत्र में आगे बढ़ाना और ऐसी तकनीक को बढ़ावा देना है जो मानवता और समावेशी विकास के काम आए.

प्रधानमंत्री कार्यालय (प्रधानमंत्री कार्यालय) के अनुसार, पीएम मोदी कार्यक्रम के दौरान कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे. उद्घाटन सत्र में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुटारेस भी मौजूद रहेंगे. दुनिया भर के उद्योग जगत के बड़े नाम भी इस कार्यक्रम को संबोधित करेंगे.

उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री अन्य नेताओं के साथ ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ का दौरा करेंगे और अलग-अलग देशों के पवेलियन देखेंगे.

नेताओं की अहम बैठक

दोपहर करीब 12 बजे से शुरू होने वाली पूर्ण बैठक में पीएम मोदी हिस्सा लेंगे. इसमें कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, मंत्री और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल होंगे. बैठक में एआई से जुड़े मुद्दों जैसे नीति निर्माण, डिजिटल ढांचा और वैश्विक सहयोग पर चर्चा होगी.

शाम 5:30 बजे प्रधानमंत्री वैश्विक कंपनियों के सीईओ की राउंडटेबल बैठक में शामिल होंगे. इसमें निवेश, रिसर्च सहयोग, सप्लाई चेन और एआई तकनीक के उपयोग जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी.

500 से ज्यादा विशेषज्ञ शामिल

इस समिट में दुनिया भर से 500 से अधिक एआई विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं. करीब 100 सीईओ और संस्थापक, 150 शिक्षाविद और शोधकर्ता, 400 से ज्यादा सीटीओ और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे. साथ ही 100 से अधिक सरकारी प्रतिनिधि शामिल होंगे, जिनमें 20 से ज्यादा राष्ट्राध्यक्ष और शासन प्रमुख तथा लगभग 60 मंत्री और उपमंत्री शामिल हैं.

आम लोगों के लिए बंद रहेगा एक्सपो

‘इंडिया एआई एक्सपो’ 19 फरवरी को आम जनता के लिए बंद रहेगा. इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी सचिव एस. कृष्णन ने बताया कि भारी उत्साह और सुरक्षा कारणों से यह फैसला लिया गया है. अब एक्सपो को 21 फरवरी को जनता के लिए खोला जाएगा, ताकि लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो.

ये भी पढ़ें- भैरव - नाम नहीं, परिणाम... भारतीय सेना ने शेयर किया ऐसा वीडियो, बटालियन की ताकत देख कांप जाएंगे दुश्मन