दिल्ली में अंडरवर्ल्ड से जुड़ा एक बड़ा खुलासा हुआ है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (काउंटर इंटेलिजेंस) ने कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गैंग की सक्रिय सदस्य खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा को गिरफ्तार किया है. गैंग में उसे ‘मैडम जहर’ के नाम से जाना जाता था.
जांच में सामने आया कि नेहा उत्तर-पूर्वी दिल्ली में एक ब्यूटी पार्लर चलाती थी. पुलिस के मुताबिक, इसी पार्लर की आड़ में वह ड्रग्स और हथियारों की सप्लाई का काम संभाल रही थी. यह नेटवर्क लॉरेंस बिश्नोई गैंग और हाशिम बाबा गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है. पुलिस ने नेहा को महिपालपुर फ्लाईओवर के पास से ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया.
बॉबी कबूतर से कनेक्शन
नेहा, गैंग के मुख्य गनमैन और हथियार सप्लायर बॉबी कबूतर उर्फ महफूज की गर्लफ्रेंड बताई जा रही है. दोनों पिछले करीब सात साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे.
बॉबी कबूतर पर आरोप है कि उसने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पहले रेकी की थी और हमलावरों को उनके रूट और मूवमेंट की जानकारी दी थी.
अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन
जांच में यह भी सामने आया कि बॉबी कबूतर का नेटवर्क पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एजेंट सलीम पिस्टल तक फैला हुआ था. पुलिस के मुताबिक, सलीम पिस्टल से हथियार लेकर उन्हें बिश्नोई और हाशिम बाबा गैंग तक पहुंचाया जाता था.
इन हथियारों का इस्तेमाल कई गंभीर मामलों में हुआ, जिनमें मूसेवाला हत्याकांड, एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर फायरिंग, दिल्ली के नादिर शाह मर्डर केस और सीलमपुर डबल मर्डर शामिल बताए जा रहे हैं.
लेडी डॉन का बढ़ता ट्रेंड
पुलिस सूत्रों के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई गैंग में अब महिला सदस्यों की भूमिका बढ़ती जा रही है. हाशिम बाबा की पत्नी जोया खान पहले से जेल में है. चंडीगढ़ की दीपा का नाम भी इस सूची में लिया जाता है. अब नेहा उर्फ मैडम जहर भी पुलिस की गिरफ्त में है.
स्पेशल सेल ने टेक्निकल सर्विलांस और खुफिया जानकारी के आधार पर बॉबी कबूतर, नेहा और उनके दो साथियों मोहम्मद राजी खान और शाहबाज को गिरफ्तार किया है. बॉबी लगातार ठिकाना बदल रहा था और पहचान छिपा रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया.
ये भी पढ़ें- अपनी बीवियों को पीट सकते हैं पति, इस देश की सरकार ने बनाया रूह कंपाने वाला कानून, बस रखी है एक शर्त