ATM Withdrawal Rules: नया महीना शुरू होते ही कई फाइनेंशियल नियम बदल जाते हैं. 1 अप्रैल 2026 से कुछ बैंकों के एटीएम नियमों में भी बदलाव होने जा रहा है. HDFC Bank और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने अपने ग्राहकों के लिए नए नियम लागू करने का ऐलान किया है. ये बदलाव खास तौर पर कैश निकालने की लिमिट, फ्री ट्रांजेक्शन और चार्ज से जुड़े हैं.
HDFC बैंक का सबसे बड़ा बदलाव UPI से कैश निकालने को लेकर है. 1 अप्रैल से एटीएम पर UPI (कार्डलेस) से निकाली गई रकम भी अब फ्री ट्रांजेक्शन लिमिट में गिनी जाएगी. पहले यह अलग से फ्री होती थी. अब सेविंग्स और सैलरी अकाउंट वाले ग्राहकों को बैंक के अपने एटीएम पर महीने में 5 फ्री ट्रांजेक्शन मिलेंगे.
दूसरे बैंकों के एटीएम इस्तेमाल करने पर फ्री ट्रांजेक्शन की लिमिट पहले जैसी ही रहेगी. मेट्रो शहरों में 3 और नॉन-मेट्रो में 5 फ्री ट्रांजेक्शन मिलेंगे. इसके बाद हर अतिरिक्त ट्रांजेक्शन पर ₹23 और टैक्स देना होगा. बैंक का कहना है कि इससे कार्ड और UPI दोनों पर नियम एक जैसे होंगे और सिस्टम ज्यादा साफ और पारदर्शी बनेगा.
PNB ने घटाई डेली लिमिट
PNB ने कुछ डेबिट कार्ड पर रोजाना कैश निकालने की लिमिट कम कर दी है. पहले कुछ कार्ड पर ₹1 लाख तक निकासी हो सकती थी, लेकिन अब इसे घटाकर ₹50,000 या ₹75,000 कर दिया गया है. बैंक के मुताबिक, यह कदम सुरक्षा बढ़ाने और फ्रॉड रोकने के लिए उठाया गया है. जिन ग्राहकों पर इसका असर पड़ेगा, उन्हें अपनी लिमिट पहले से चेक करने की सलाह दी गई है.
RBI के नियम क्या कहते हैं
ये बदलाव Reserve Bank of India (RBI) के सामान्य नियमों के तहत किए गए हैं, लेकिन हर बैंक अपने हिसाब से कुछ बदलाव कर सकता है. RBI पहले से ही फ्री एटीएम ट्रांजेक्शन की लिमिट तय कर चुका है. अपने बैंक के एटीएम पर महीने में 5 फ्री ट्रांजेक्शन मिलते हैं, जबकि दूसरे बैंकों के एटीएम पर मेट्रो शहरों में 3 और नॉन-मेट्रो में 5 फ्री ट्रांजेक्शन की सुविधा होती है. इसके बाद अतिरिक्त ट्रांजेक्शन पर ₹21 से ₹23 तक और GST चार्ज लिया जाता है.
ग्राहकों के लिए जरूरी सलाह
इन बदलावों के बाद ग्राहकों को थोड़ा सावधान रहने की जरूरत है. बार-बार एटीएम से पैसे निकालने पर चार्ज लग सकता है, इसलिए कोशिश करें कि कम बार निकासी करें या एक बार में ज्यादा रकम निकाल लें. UPI और डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल बढ़ाना फायदेमंद रहेगा. साथ ही बैंक ऐप या नेट बैंकिंग से अपनी लिमिट और बैलेंस समय-समय पर चेक करते रहें.
क्या रखें ध्यान
ये बदलाव शुरुआत में थोड़े असुविधाजनक लग सकते हैं, लेकिन बैंक इन्हें बेहतर सुरक्षा और सेवाओं के लिए लागू कर रहे हैं. अगर आप HDFC या PNB के ग्राहक हैं, तो 1 अप्रैल से पहले अपनी एटीएम लिमिट और फ्री ट्रांजेक्शन जरूर चेक कर लें. इससे आप बेवजह लगने वाले चार्ज से बच सकते हैं.
ये भी पढ़ें- बच्चा गोद लेने वाली मां को 12 सप्ताह का मातृत्व अवकाश, सुप्रीम कोर्ट ने महिलाओं के हक में सुनाया फैसला