लंदन: इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने सोमवार को हैरी ब्रूक को अपनी वनडे और टी-20 टीम का नया कप्तान नियुक्त किया. वे जोस बटलर की जगह लेंगे, जिन्होंने हाल ही में चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद कप्तानी छोड़ने की घोषणा की थी.
ब्रूक ने जताई खुशी, कहा- सपना हुआ पूरा
26 वर्षीय ब्रूक ने इस अवसर पर कहा, 'यह मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है. जब मैं व्हार्फडेल में बर्ले क्रिकेट खेलता था, तब मैंने यॉर्कशायर के लिए खेलने और इंग्लैंड की कप्तानी करने का सपना देखा था. अब यह सपना हकीकत बन गया है, और मैं इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और जोश के साथ निभाऊंगा.'
हलांकि, कुछ दिन पहले इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रूक को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दो आगामी सीजन (2025 और 2026) के लिए बैन कर दिया गया था.
ये भी पढ़ें- IPL से दो सीजन के लिए बैन हुए हैरी ब्रूक, 4 दिन पहले नाम वापस लिया था, जानें क्या है रिटेंशन पॉलिसी
पहले भी कर चुके हैं इंग्लैंड की कप्तानी
ब्रूक 2022 में इंग्लैंड की व्हाइट-बॉल टीम का हिस्सा बने और बीते एक साल से वनडे और टी-20 टीम के उप-कप्तान की भूमिका निभा रहे थे. 2024 में उन्होंने जोस बटलर की गैरमौजूदगी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम की कप्तानी भी की थी.
इसके अलावा, 2018 में न्यूजीलैंड में आयोजित अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी वे इंग्लैंड टीम की अगुआई कर चुके हैं.
बटलर ने खराब प्रदर्शन के चलते छोड़ी कप्तानी
जोस बटलर ने इंग्लैंड के खराब प्रदर्शन के कारण कप्तानी से हटने का फैसला किया. चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में इंग्लैंड की टीम एक भी मैच नहीं जीत पाई और ग्रुप स्टेज में ही बाहर हो गई. इससे पहले, टीम 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में भी नॉकआउट चरण तक नहीं पहुंच सकी थी.
बटलर ने अपने फैसले पर कहा, 'मेरे लिए कप्तानी छोड़ने का यही सही समय है, और यह टीम के लिए भी सही फैसला होगा.'
नई कप्तानी से इंग्लैंड को उम्मीदें
हैरी ब्रूक के नेतृत्व में इंग्लैंड को एक नई शुरुआत की उम्मीद है. ECB और टीम मैनेजमेंट को भरोसा है कि ब्रूक की आक्रामक बल्लेबाजी और युवा जोश इंग्लैंड के सफेद गेंद क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मदद करेगा.
अब देखना दिलचस्प होगा कि ब्रूक की कप्तानी में इंग्लैंड टीम कैसा प्रदर्शन करती है और क्या वे इंग्लिश क्रिकेट में एक नए युग की शुरुआत कर पाते हैं.
ये भी पढ़ें- 'हमें विश्वास है कि इसमें भारत का लाभ है', अमेरिकी टैरिफ पर बोले पीयूष गोयल