इस देश में आतंकी संगठन ने मचाया खूनी उत्पात, 60 से ज्यादा लोगों की बेरहमी से हत्या

Nigeria Boko Haram: नाइजीरिया के पूर्वोत्तर हिस्से में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक और घटना सामने आई है. शुक्रवार रात (स्थानीय समयानुसार) बोको हरम के आतंकियों ने बोर्नो राज्य के बामा इलाके के दारुल जमाल गांव में घुसकर कहर बरपाया.

Terrorist organization created bloody havoc in Nigeria 60 people were killed
Image Source: Social Media/ X/ File

Nigeria Boko Haram: नाइजीरिया के पूर्वोत्तर हिस्से में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक और घटना सामने आई है. शुक्रवार रात (स्थानीय समयानुसार) बोको हरम के आतंकियों ने बोर्नो राज्य के बामा इलाके के दारुल जमाल गांव में घुसकर कहर बरपाया. इस बर्बर हमले में कम से कम 60 लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई. मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं.

यह गांव हाल ही में उन विस्थापितों की वापसी का गवाह बना था, जो वर्षों से आतंकवाद की वजह से अपने घरों से बेघर थे. लेकिन पुनर्वास की उम्मीदों को आतंकवाद ने एक बार फिर मटियामेट कर दिया.

घर लौटे थे लोग, मगर तबाही बनकर टूटे आतंकी

गांव के निवासी मोहम्मद बाबागाना ने बताया कि देर रात हुए इस हमले में आतंकियों ने दर्जनों घरों को आग के हवाले कर दिया. गांववाले जान बचाकर भागे, लेकिन 60 से अधिक लोग भाग नहीं सके. 100 से ज्यादा लोग अब एक बार फिर पलायन पर मजबूर हो गए हैं.

हमले के बाद शनिवार को राज्यपाल बाबागाना जुलुम ने गांव का दौरा किया और स्थिति की समीक्षा करते हुए मृतकों की संख्या की पुष्टि की. उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा.

JAS गुट ने किया हमला, आम नागरिक निशाने पर

इस हमले की जिम्मेदारी बोको हरम के धड़े 'जमातु अहलिस सुन्ना लिद्दावाती वल-जिहाद' (JAS) पर मानी जा रही है. सुरक्षा मामलों के जानकार ताइवो अदेबायो के अनुसार, JAS गुट आम नागरिकों को निशाना बनाता है और उनकी हत्या तब करता है जब उसे संदेह होता है कि वे सेना या ISWAP को जानकारी दे रहे हैं.

JAS के विपरीत, बोको हरम का दूसरा गुट ISWAP (इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस) मुख्य रूप से सुरक्षा बलों पर हमले करता है. 2021 में संगठन के कुख्यात नेता अबुबकर शेकाऊ की मौत के बाद यह विभाजन हुआ था.

2009 से जारी है आतंक, 35,000 से अधिक नागरिक मारे गए

बोको हरम ने 2009 में हिंसक गतिविधियां शुरू की थीं, जिसका उद्देश्य पश्चिमी शिक्षा का विरोध और एक कट्टरपंथी इस्लामिक शासन लागू करना था. तब से अब तक, 35,000 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और 20 लाख से ज्यादा लोग अपने घरों से बेघर हो चुके हैं. दारुल जमाल गांव भी पहले इन हमलों का शिकार रह चुका है, और हाल ही में सेना द्वारा सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद लोग यहां लौटे थे. मगर यह हमला बताता है कि खतरा अब भी टला नहीं है.

यह भी पढ़ें- यूपी के इस शहर में हैं सबसे अधिक अमीर भिखारी, कमाई जानकर माथा पकड़ लेंगे आप!