PoK Protests: पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में एक बार फिर विरोध प्रदर्शन शुरू होने की तैयारी है. जम्मू-कश्मीर जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JKJAAC) ने पाकिस्तान के खिलाफ नए आंदोलन का ऐलान किया है. कमेटी लंबे समय से पीओके के लोगों के बुनियादी अधिकारों और सुविधाओं को लेकर आवाज उठाती रही है. पाकिस्तान ने इस संगठन पर प्रतिबंध लगाया हुआ है.
26 अगस्त से विरोध प्रदर्शन की तैयारी
रावलाकोट में हुई बैठक में JKJAAC ने नए आंदोलन को लेकर चर्चा की. कमेटी ने बताया कि 26 अगस्त को पूरे पीओके में विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे. इस दौरान 'पैगंबर-ए-इंकलाब सम्मेलन' भी आयोजित किया जाएगा.
कमेटी ने मुस्लिम विद्वानों से पैगंबर मोहम्मद की शिक्षाओं और उनके संघर्ष के बारे में लोगों को बताने की अपील की है. साथ ही अत्याचार, शोषण और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की बात कही गई है.
स्वास्थ्य और शिक्षा पर रहेगा जोर
JKJAAC के मुताबिक, नए आंदोलन में पीओके की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था मुख्य मुद्दा रहेगी. इसके लिए 'मेरे लिए स्वास्थ्य और शिक्षा क्यों नहीं?' नारे के साथ 29 अगस्त से विरोध प्रदर्शन शुरू करने की योजना है.
प्रदर्शन के दौरान स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और अस्पतालों की समस्याओं को सामने लाया जाएगा. कमेटी का कहना है कि पाकिस्तान सरकार से इन सुविधाओं में सुधार की मांग की जाएगी.
महिलाओं और छात्रों से भी शामिल होने की अपील
JKJAAC ने महिलाओं और छात्रों से भी आंदोलन में शामिल होने की अपील की है. रावलाकोट में होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने वालों से यूनिफॉर्म में पहुंचने को कहा गया है.
कमेटी ने कहा है कि जब तक उसकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उसका शांतिपूर्ण राजनीतिक संघर्ष जारी रहेगा. इसके साथ ही संगठन ने रावलाकोट, इस्लामपुर और पीओके के दूसरे इलाकों से कथित तौर पर गायब किए गए लोगों को जल्द ढूंढकर वापस लाने और रिहा करने की मांग की है.
ये भी पढ़ें- भारत आ रहा अमेरिका का सबसे खतरनाक फाइटर जेट, पाकिस्तान सीमा पर होने वाला है कुछ बड़ा? जानें पूरी जानकारी