Ranga Reddy Mass Murder Case: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले से एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है. एक व्यक्ति, जो नाबालिग से जुड़े पॉक्सो मामले में आरोपी था, अदालत से अग्रिम जमानत मिलने के कुछ समय बाद ही बदले की भावना में इस कदर डूब गया कि उसने महज 36 मिनट के भीतर छह लोगों की हत्या कर दी. इस खौफनाक घटनाक्रम में उसने पहले उस नाबालिग लड़की और उसके परिवार को निशाना बनाया, जिसने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, और इसके बाद अपने ही घर पहुंचकर पत्नी तथा दो मासूम बेटों की भी हत्या कर दी. पुलिस इस वारदात को हाल के वर्षों की सबसे भयावह सामूहिक हत्याओं में से एक मान रही है.
शिकायतकर्ता परिवार को बनाया पहला निशाना
पुलिस जांच के मुताबिक आरोपी शुक्रवार रात कार से सीधे उस घर पहुंचा, जहां पॉक्सो मामले की शिकायतकर्ता नाबालिग अपने परिवार के साथ रहती थी. दरवाजा खुलते ही उसने लड़की की मां पर चाकू से कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद वह घर के अंदर घुसा और बिस्तर पर सो रही बुजुर्ग दादी पर भी हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया. घर में दहशत फैलने के बाद आरोपी ने 16 वर्षीय नाबालिग को जबरन अपनी कार में बैठाकर वहां से निकल गया.
सुनसान झील के किनारे नाबालिग की हत्या
घर से निकलने के बाद आरोपी नाबालिग को गांव के बाहर स्थित एक सुनसान झील के पास ले गया. पुलिस के अनुसार वहां उसने लड़की पर चाकू से हमला किया और उसकी हत्या करने के बाद शव को बांध के समीप छोड़ दिया. इसके बाद वह बिना रुके सीधे अपने गांव स्थित घर की ओर रवाना हो गया.
अपने ही परिवार को भी नहीं बख्शा
रात करीब 11 बजकर 21 मिनट पर आरोपी अपने घर पहुंचा. जांच में सामने आया है कि वह घर के भीतर केवल कुछ मिनट ही रुका, लेकिन इसी दौरान उसने सो रही पत्नी और अपने दो मासूम बेटों की गला रेतकर हत्या कर दी. चार साल और 18 महीने के बच्चों की हत्या ने इस पूरे मामले को और भी भयावह बना दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत घर से निकलकर फरार हो गया.
पिता को फोन कर खुद कबूला अपराध
हत्या की इस पूरी श्रृंखला के बाद आरोपी ने अपने पिता को फोन किया और शांत स्वर में छह लोगों की हत्या करने की बात बताई. यह सुनते ही पिता ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अलग-अलग स्थानों से सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इसके बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई.
पॉक्सो केस के बाद मिला था अग्रिम जमानत का लाभ
पुलिस के अनुसार मई महीने में नाबालिग और उसकी मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया था. केस दर्ज होने के बाद वह पुलिस से बचता रहा और बाद में अदालत में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की. कानूनी प्रावधानों के तहत अदालत ने उसे राहत देते हुए पर्सनल बॉन्ड पर जमानत दे दी थी. शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि जमानत मिलने के बाद उसने बदले की भावना से इस वारदात की योजना बनाई.
पुलिस कई एंगल से कर रही जांच
घटना के बाद रंगारेड्डी जिले में पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. कई विशेष टीमें आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उसने इतनी निर्ममता के साथ अपने ही परिवार के मासूम बच्चों की हत्या क्यों की.
ये भी पढ़ें: गर्लफ्रेंड की चैट देख तिलमिलाया युवक, मौत के घाट उतारकर किए शव के टुकड़े... जौनपुर में खौफनाक वारदात