Iran Israel War: मध्यपूर्व में जारी इजराइल और ईरान के बीच टकराव ने एक बार फिर वैश्विक ध्यान अपनी ओर खींचा है. हाल ही में हुए इजराइली हवाई हमलों में ईरान के रक्षा मंत्री आमिर नासिरजादेह और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) के कमांडर मोहम्मद पाकपोर की मौत हुई है. पाकपोर ने IRGC की कमान संभाल रखी थी, जो जून 2025 में शुरू हुई जंग के बाद उनके पूर्व प्रमुख हुसैन सलामी के निधन के बाद उन्हें सौंपी गई थी.
इजराइली सेना (IDF) ने ऑपरेशन “रोरिंग लायन” के तहत पश्चिमी ईरान में सैकड़ों ठिकानों पर हमला किया. इस हमले का वीडियो इजराइल ने सार्वजनिक किया है, जिसमें विभिन्न सैन्य स्थलों पर मिसाइलों और ड्रोन हमलों की झलक दिख रही है. ऑपरेशन के दौरान कई उच्च स्तरीय ईरानी अधिकारियों को निशाना बनाया गया, जिसमें सुप्रीम लीडर अली खामेनेई और राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन का नाम भी सामने आया.
Iran's Defence Minister Amir Nasirzadeh and Revolutionary Guards commander Mohammed Pakpour are believed to have been killed in Israeli attacks, two sources familiar with Israel's military operations and one regional source said: Reuters pic.twitter.com/71V69fjqy9
— ANI (@ANI) February 28, 2026
शीर्ष नेताओं की क्या है स्थिति
हालांकि, ईरानी मीडिया और अधिकारियों ने कई मौतों की खबरों का खंडन किया है. राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन की सुरक्षा की पुष्टि उनके कार्यकारी उपाध्यक्ष मोहम्मद जाफर कायमपनाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की. इसके अलावा राष्ट्रपति के बेटे जोसेफ पेजेशकियन ने टेलीग्राम पर लिखा कि इस बार उनकी हत्या की कोशिश सफल नहीं हुई.
इसी तरह, फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी ने पुष्टि की कि संसद अध्यक्ष मोहम्मद बघेर ग़ालिबफ़ और सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल (SNSC) के प्रमुख अली लारिजानी पूरी तरह सुरक्षित हैं. ईरानी सेना ने मेजर जनरल अमीर हातमी की मौत की खबरों को भी गलत बताया.
ऑपरेशन का व्यापक असर और वैश्विक चिंता
इजराइली हमलों की यह श्रृंखला ईरानी सैन्य नेतृत्व पर बड़ा प्रभाव डाल सकती है. IRGC के उच्च कमांडरों की मौत से संगठन के संचालन और रणनीतिक फैसलों पर असर पड़ेगा. वहीं, विश्व समुदाय इस स्थिति को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त कर रहा है क्योंकि टकराव क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक तेल आपूर्ति पर भी प्रत्यक्ष प्रभाव डाल सकता है.
ये भी पढ़ें- इजरायल-ईरान टकराव के बीच भारत में बढ़ी हलचल, एयर इंडिया ने इन उड़ानों को तत्काल किया रद्द