सावधान! बिना OTP और वेरिफिकेशन कोड भी हैक हो सकता है व्हाट्सऐप, जानें क्या है Ghost Pairing, ऐसे करें बचाव

Ghost Pairing Scam: इंटरनेट और सोशल मीडिया की दुनिया में हैकर्स हमेशा नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बनाते रहते हैं. हाल ही में WhatsApp पर एक नया खतरनाक स्कैम सामने आया है, जिसका नाम 'GhostPairing' रखा गया है. 

tech WhatsApp hacked even without OTP and verification code Ghost Pairing
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Ghost Pairing Scam: इंटरनेट और सोशल मीडिया की दुनिया में हैकर्स हमेशा नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बनाते रहते हैं. हाल ही में WhatsApp पर एक नया खतरनाक स्कैम सामने आया है, जिसका नाम 'GhostPairing' रखा गया है. 

इस स्कैम की खासियत यह है कि हैकर्स बिना किसी OTP, पासवर्ड या सिम कार्ड की मदद लिए ही लोगों के अकाउंट पर पूरा नियंत्रण हासिल कर सकते हैं. साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की चेतावनी के अनुसार, GhostPairing स्कैम सोशल इंजीनियरिंग के जरिए काम करता है और इसे पहचानना और इससे बचना दोनों ही चुनौतीपूर्ण हैं.

GhostPairing स्कैम की कार्यप्रणाली

इस स्कैम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह पारंपरिक हैकिंग तकनीकों से बिल्कुल अलग है. आमतौर पर लोग मानते हैं कि अगर वे अपने वेरिफिकेशन कोड या OTP किसी के साथ शेयर नहीं करेंगे, तो उनका अकाउंट सुरक्षित रहेगा. GhostPairing ने इस धारणा को पूरी तरह गलत साबित कर दिया है. यह स्कैम पूरी तरह सोशल इंजीनियरिंग पर आधारित है.

हैकर्स लोगों को किसी लिंक पर क्लिक करने के लिए राजी करते हैं. जैसे ही यूजर उस लिंक पर क्लिक करता है, वह अनजाने में अपने डिवाइस को हैकर्स के डिवाइस से जोड़ने की अनुमति दे देता है. इस स्कैम की खतरनाक बात यह है कि यह भरोसेमंद दोस्तों के जरिए फैलता है. आप सोचते हैं कि मैसेज आपके जानने वाले से आया है, लेकिन असल में यह हैकर की रणनीति का हिस्सा होता है.

फेक लिंक और डिवाइस पेयरिंग

साइबर सुरक्षा कंपनी Gen Digital की रिपोर्ट के अनुसार, GhostPairing स्कैम आमतौर पर एक मैसेज के जरिए शुरू होता है, जिसमें लिखा होता है कि “मुझे तुम्हारी फोटो मिल गई.” मैसेज में एक लिंक भी होता है, जो व्हाट्सऐप में फोटो का प्रीव्यू दिखाता है, जिससे यह असली लगे. जब यूजर फोटो देखने के लिए लिंक पर क्लिक करता है, तो वह एक फेक वेबपेज पर पहुंच जाता है. यह पेज फेसबुक फोटो व्यूअर जैसा दिखाई देता है और यहां यूजर से कहा जाता है कि कंटेंट देखने से पहले “वेरिफाई” करें.

इसके बाद डिवाइस-लिंकिंग की प्रक्रिया शुरू होती है. यूजर से उसका फोन नंबर मांगा जाता है और एक पेयरिंग कोड जनरेट होता है. जब यूजर यह कोड डालता है, तो वह अनजाने में हैकर के डिवाइस को अप्रूव कर देता है. इसके परिणामस्वरूप हैकर को व्हाट्सऐप वेब का पूरा एक्सेस मिल जाता है. वह आपके मैसेज पढ़ सकता है, फोटो और वीडियो डाउनलोड कर सकता है, आपकी तरफ से मैसेज भेज सकता है और रियल टाइम में नए मैसेज भी देख सकता है. सबसे बड़ी चुनौती यह है कि आपका फोन सामान्य तरीके से काम करता रहता है, जिससे आपको पता भी नहीं चलता कि आपका अकाउंट हैक हो गया है.

GhostPairing का तेजी से फैलना

विशेषज्ञों का मानना है कि GhostPairing स्कैम विश्व स्तर पर तेजी से फैल सकता है. हैकर्स जिन अकाउंट्स को नियंत्रित करते हैं, उनसे वही धोखे वाले लिंक उनके दोस्तों और ग्रुप चैट में भेजे जाते हैं. इस तरीके से वे बड़े पैमाने पर स्पैम भेजने के बजाय लोगों के आपसी भरोसे का फायदा उठाते हैं.

रिसर्च से पता चला है कि GhostPairing किसी एन्क्रिप्शन को तोड़ता नहीं है और किसी सॉफ्टवेयर की कमजोरी का फायदा नहीं उठाता. यह व्हाट्सएप के असली फीचर्स का ही उपयोग करता है, जो सही तरीके से काम कर रहे होते हैं. यही वजह है कि इसे पकड़ना और रोकना कठिन होता है.

GhostPairing से कैसे बचें

इस स्कैम से बचने के लिए कुछ सावधानियां अपनाना बेहद जरूरी है. सबसे पहले, अपने व्हाट्सएप अकाउंट की सुरक्षा जांचें. व्हाट्सएप में ‘सेटिंग्स’ में जाकर ‘लिंक्ड डिवाइस’ विकल्प खोलें और देखें कि आपका अकाउंट कहीं और लिंक तो नहीं है. अगर कोई अनजान डिवाइस लिंक है, तो उसे तुरंत हटा दें.

किसी भी वेबसाइट से QR कोड स्कैन करने या पेयरिंग कोड डालने की रिक्वेस्ट को ध्यान से देखें. टू-स्टेप वेरिफिकेशन को हमेशा ऑन रखें, ताकि किसी भी अनधिकृत एक्सेस को रोका जा सके. साथ ही, किसी भी अनजान मैसेज या लिंक को कभी भी बिना सावधानी के क्लिक न करें, भले ही वह आपके किसी भरोसेमंद दोस्त से आया हो.

GhostPairing स्कैम ने यह साबित कर दिया है कि साइबर सुरक्षा में सतर्कता ही सबसे बड़ी रक्षा है. अपने अकाउंट की सुरक्षा नियमित रूप से चेक करते रहें और हमेशा सतर्क रहें, ताकि आपका डेटा और निजी जानकारी सुरक्षित रहे.

यह भी पढ़ें- कैसा दिखेगा iPhone का फोल्डेबल फोन? लॉन्च से पहले लीक हो गई तस्वीर; पढ़ें संभावित डिटेल्स