सोलर पैनल को सालों तक नया जैसा रखेंगे ये आसान टिप्स, जानिए कैसे बढ़ाएं इसकी लाइफ

Solar Panel Tips: आज के समय में सोलर एनर्जी बिजली बनाने का सबसे साफ और किफायती तरीका बन चुकी है. घरों से लेकर फैक्ट्रियों तक हर जगह सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं. एक बार इंस्टॉल होने के बाद ये सूरज की रोशनी से बिजली बनाना शुरू कर देते हैं.

Tech tips will keep your solar panel looking new for years know how to extend its life
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Solar Panel Tips: आज के समय में सोलर एनर्जी बिजली बनाने का सबसे साफ और किफायती तरीका बन चुकी है. घरों से लेकर फैक्ट्रियों तक हर जगह सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं. एक बार इंस्टॉल होने के बाद ये सूरज की रोशनी से बिजली बनाना शुरू कर देते हैं. अच्छी बात यह है कि सोलर पैनल कई सालों तक बिना किसी बड़ी परेशानी के काम करते रहते हैं. हालांकि सही देखभाल न होने पर उनकी क्षमता और उम्र दोनों प्रभावित हो सकती हैं.

कितने साल तक काम करते हैं सोलर पैनल?

आमतौर पर एक सोलर पैनल 25 से 30 साल तक आसानी से चल सकता है. इसकी उम्र पैनल की क्वालिटी, इस्तेमाल और रखरखाव पर निर्भर करती है. अच्छी कंपनी के पैनल कई बार वारंटी खत्म होने के बाद भी बेहतर प्रदर्शन करते रहते हैं. अगर समय-समय पर देखभाल की जाए तो ये 30 साल से भी ज्यादा समय तक बिजली पैदा कर सकते हैं.

किन कारणों से खराब होते हैं सोलर पैनल?

सोलर पैनल खराब होने की सबसे आम वजह धूल और गंदगी है. जब पैनल की सतह पर धूल जम जाती है तो सूरज की रोशनी सही तरीके से नहीं पहुंच पाती, जिससे बिजली उत्पादन कम हो जाता है.

शहरों में प्रदूषण और नमी की वजह से पैनल पर एक पतली परत बन जाती है. इससे पैनल को पहले जितनी बिजली बनाने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है. लंबे समय तक ऐसा रहने पर इसकी क्षमता कम हो सकती है.

मौसम भी पैनल की हालत पर असर डालता है. बहुत ज्यादा गर्मी से पैनल की कार्यक्षमता घट सकती है. वहीं नमी और बारिश के कारण धातु वाले हिस्सों में जंग लगने का खतरा रहता है. तेज आंधी, तूफान या ओलावृष्टि से पैनल में छोटी दरारें भी आ सकती हैं. इसके अलावा गलत इंस्टॉलेशन या खराब वायरिंग भी नुकसान की वजह बन सकती है.

सोलर पैनल की देखभाल कैसे करें?

सोलर पैनल को साल में कम से कम 2 से 4 बार साफ जरूर करें. खासतौर पर आंधी या तूफान के बाद सफाई और जांच कर लेना बेहतर रहता है. अगर किसी पेड़ की छाया पैनल पर पड़ रही है तो उसकी शाखाओं की कटाई कर दें, क्योंकि छाया पड़ने से बिजली उत्पादन कम हो जाता है. पैनल को छत से बिल्कुल सटाकर नहीं लगाना चाहिए. 

छत और पैनल के बीच करीब 1 से 2 फीट की दूरी होनी चाहिए, ताकि हवा का सही प्रवाह बना रहे और पैनल ज्यादा गर्म न हों. इसके अलावा साल में कम से कम दो बार किसी प्रोफेशनल टेक्नीशियन से पूरे सोलर सिस्टम की जांच जरूर करवा लें. इससे छोटी समस्याओं का समय रहते पता चल जाता है और पैनल लंबे समय तक बेहतर तरीके से काम करते रहते हैं.

ये भी पढ़ें- दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी स्वीकार नहीं... बिजनौर में सूर्या चौहान हत्याकांड पर बोले सीएम योगी