CM Yogi On Surya Murder: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर के अफजलगढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सूर्या चौहान हत्याकांड का जिक्र किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि धर्म की स्थापना के लिए सुदर्शन चक्र जरूरी है, तभी देश सुरक्षित रह सकता है.
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सूर्या को दोस्ती के नाम पर धोखा दिया गया. बकरीद के दिन उसके साथ गलत हरकत हुई, जिसके बाद पुलिस ने अपना काम किया. योगी ने कहा, "दोस्ती की आड़ मे छुरेबाजी स्वीकार्य नहीं है. कोई अपनी नालायक ‘औलाद’ को समझा नही पा रहा तो समझो गलती कर रहा है. ये उसकी सबसे बड़ी चूक है और उसे सजा मिलेगी." उन्होंने आगे कहा कि सरकार की संवेदनाएं हमेशा कानून का पालन करने वाले लोगों के साथ हैं. अगर कोई कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसे किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा.
पाकिस्तान से विस्थापित 1,645 परिवारों एवं पूर्व सैनिकों/लीजधारकों को भूमिधरी अधिकार पत्र के वितरण हेतु जनपद बिजनौर में आयोजित कार्यक्रम में... https://t.co/e9AYjy378t
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 1, 2026
विस्थापित परिवारों को मिला जमीन का मालिकाना हक
इससे पहले मुख्यमंत्री पाकिस्तान से आए विस्थापित परिवारों, पूर्व सैनिकों और पट्टेदारों को भूमि स्वामित्व अधिकार प्रमाण पत्र देने के कार्यक्रम में शामिल हुए. उन्होंने 1645 परिवारों और पूर्व सैनिकों को भूमिधरी अधिकार पत्र वितरित किए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान से आए कई परिवारों को दशकों तक उनकी जमीन का अधिकार नहीं मिल सका था. अब सरकार ने उन्हें उनका हक दिलाया है. उन्होंने बताया कि 1645 परिवारों के करीब 8 से 10 हजार लोगों को इसका लाभ मिलेगा.
योगी ने कहा, "पाकिस्तान से आए हुए जिन परिवारों की पुश्तैनी संपत्तियों पर कब्जा किया गया था, दशकों बाद भी उन्हें न्याय नहीं मिला. चौथी पीढ़ी में हमने उन विस्थापित परिवारों को उनकी जमीनों का मालिकाना हक दिया है."
धर्म की रक्षा के लिए शस्त्र उठाने की बात
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं का जिक्र करते हुए कहा कि धर्म की रक्षा करना जरूरी है. उन्होंने कहा, "सामने अगर खरदूषण (राक्षस) है तो शस्त्र उठाना होगा. जो धर्म की रक्षा करता है, धर्म उसकी रक्षा करता है." योगी ने कहा कि समाज को सही और गलत के बीच अंतर समझना चाहिए. देश के खिलाफ काम करने वाली ताकतों का मुकाबला करना जरूरी है और उन्हें हराने के लिए मजबूती से खड़ा होना होगा.
गोवंश संरक्षण पर भी बोले मुख्यमंत्री
गोवंश संरक्षण के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गोहत्या के खिलाफ सख्त कानून लागू हैं और सरकार इस मामले में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरत रही है. उन्होंने कहा कि भारत में गौमाता के प्रति सम्मान और श्रद्धा की परंपरा बहुत पुरानी है. सरकार गोवंश संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है और गोहत्या में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें- बंगाल में शुभेंदु अधिकारी की कैबिनेट का विस्तार, 35 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ, देखें पूरी लिस्ट