टीम इंडिया ने बीते रविवार (08 मार्च) को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर एक और ऐतिहासिक पल अपने नाम किया. इस शानदार जीत के बाद भारतीय क्रिकेट फैंस के मन में एक सवाल उभर रहा है. अब टीम इंडिया अगला इंटरनेशनल मैच कब और कहां खेलेगी? इसके जवाब का इंतजार अब खत्म होने वाला है, क्योंकि भारतीय क्रिकेट की नई यात्रा जल्द ही शुरू होने वाली है. आइए जानते हैं कि टीम इंडिया को मैदान पर देखने के लिए फैंस को कितना इंतजार करना पड़ेगा.
IPL 2026 से पहले नहीं होगा इंटरनेशनल क्रिकेट
अगर आप टीम इंडिया के इंटरनेशनल मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, तो आपको आईपीएल 2026 का सामना पहले करना पड़ेगा. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईपीएल का आयोजन 28 मार्च से लेकर 31 मई के बीच होगा. इस दौरान क्रिकेट फैंस का ध्यान पूरी तरह आईपीएल पर रहेगा. आईपीएल समाप्त होते ही, जून में टीम इंडिया अपनी अगली अंतर्राष्ट्रीय सीरीज के लिए मैदान में उतरेगी.
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की अगली सीरीज
भारत की अगली इंटरनेशनल सीरीज अफगानिस्तान के खिलाफ होगी. यह सीरीज टेस्ट और वनडे प्रारूप में खेदी जाएगी. पहले दोनों टीमों के बीच एक टेस्ट मैच खेला जाएगा, जो 06 जून से शुरू होगा. इसके बाद भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आयोजन किया जाएगा, जो 14, 17 और 20 जून को खेले जाएंगे.
भारतीय सरजमीं पर सीरीज की मेज़बानी
यह सीरीज भारतीय धरती पर खेली जाएगी, और मैचों का आयोजन प्रमुख स्टेडियमों में किया जाएगा. अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जाने वाला टेस्ट मैच न्यू चंडीगढ़ स्टेडियम में होगा. वहीं, वनडे सीरीज के तीनों मैच क्रमशः धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, लखनऊ के इकाना स्टेडियम और चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जाएंगे.
टी20 सीरीज इंग्लैंड के खिलाफ
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि भारत की अगली टी20 सीरीज किसके खिलाफ होगी? इस पर भी फैंस को खुशखबरी मिल रही है, क्योंकि टीम इंडिया अपनी अगली टी20 सीरीज इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगी. अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज के बाद भारतीय टीम इंग्लैंड का दौरा करेगी. यहां भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज होगी, जो 01 जुलाई से 11 जुलाई तक चलेगी. इसके बाद, दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज होगी, जो 14 जुलाई से 19 जुलाई के बीच खेली जाएगी.
ये भी पढ़ें: IPL 2026 का शेड्यूल जारी, 28 मार्च को RCB से भिड़ेगी SRH, देखें पहले 20 मुकाबलों की लिस्ट