केरलम दौरे पर पीएम मोदी, कोच्चि में मछुआरा समुदाय के स्वर्ण जयंती समारोह को किया संबोधित; जानें क्या कहा

PM Modi's Kerala Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को केरलम के दौरे पर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने कोच्चि में आयोजित अखिल केरल धीवर सभा के स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लिया. कार्यक्रम में पीएम मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और मछुआरा समुदाय के कल्याण के लिए संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की.

PM Modi on Kerala tour addressed the golden jubilee celebrations of the fishermen community Kochi
Image Source: Social Media

PM Modi's Kerala Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को केरलम के दौरे पर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने कोच्चि में आयोजित अखिल केरल धीवर सभा के स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लिया. कार्यक्रम में पीएम मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और मछुआरा समुदाय के कल्याण के लिए संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की. इस मौके पर उन्हें भगवान विष्णु की प्रतिमा और अंगवस्त्र देकर सम्मानित भी किया गया.

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अखिल केरल धीवर सभा पिछले 50 वर्षों से मछुआरा समुदाय के हित में काम कर रही है. उन्होंने कहा कि तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सशक्त बनाने की दिशा में संगठन का काम सरकार की सोच से मेल खाता है. पीएम मोदी ने संगठन के सभी सदस्यों को स्वर्ण जयंती के लिए बधाई दी.

‘केरल’ से ‘केरलम’ नाम होने का किया जिक्र

अपने भाषण के दौरान प्रधानमंत्री ने राज्य के नाम में हुए बदलाव का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि केरल का नाम अब केरलम हो गया है, जो मलयाली संस्कृति और स्थानीय पहचान के अधिक करीब है. उन्होंने बताया कि इस बदलाव को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी है और यह लंबे समय से लोगों की इच्छा थी. प्रधानमंत्री ने कहा कि इस फैसले से राज्य को उसकी सही पहचान मिली है और केरलम के लोगों के लिए यह खुशी का पल है.

मछुआरा समुदाय की परंपराओं की सराहना

पीएम मोदी ने मछुआरा समुदाय की सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति के प्रति उनकी आस्था की भी प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि समुद्र और पर्यावरण की रक्षा के लिए श्री कुरुम्बा देवी के प्रति उनकी श्रद्धा और मंदिरों के संरक्षण की परंपरा भारत की प्राचीन संस्कृति को दर्शाती है.

मत्स्य पालन क्षेत्र में सरकार के प्रयास

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने मत्स्य पालन क्षेत्र को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए हैं. इसके लिए अलग मंत्रालय बनाया गया है और प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत केरलम के लिए लगभग 1400 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. इसके अलावा मत्स्य सहकारी समितियों और इस क्षेत्र से जुड़े उद्यमों को वित्तीय सहायता भी दी जा रही है.

मछुआरों की सुरक्षा के लिए नई तकनीक

पीएम मोदी ने बताया कि समुद्र में जाने वाले मछुआरों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए सैटेलाइट तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है. इससे मौसम से जुड़ी जानकारी समय पर मिल जाती है और परिवारों की चिंता भी कम होती है.

विकास परियोजनाओं का भी कार्यक्रम

प्रधानमंत्री के इस दौरे के दौरान कई विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और लोकार्पण का कार्यक्रम भी शामिल है. यह कार्यक्रम मुख्य रूप से मछुआरा समुदाय की आजीविका, उनके सशक्तिकरण और समुद्री संस्कृति के संरक्षण पर केंद्रित रहा.

ये भी पढ़ें- मिडिल ईस्ट तनाव के बीच सक्रिय हुआ भारत, जयशंकर ने ईरान के विदेश मंत्री से तीसरी बार की बातचीत