मार्च में ही बढ़ी गर्मी, राजस्थान-गुजरात में हीट वेव का खतरा; कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

Weather Update: मार्च का महीना अभी पूरा भी नहीं हुआ है, लेकिन देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर तेजी से दिखाई देने लगा है. उत्तर-पश्चिम और पश्चिम भारत के कई राज्यों में तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच रहा है.

Heat increased in March itself danger of heat wave in Rajasthan-Gujarat Rain alert in many states
Image Source: ANI/ File

Weather Update: मार्च का महीना अभी पूरा भी नहीं हुआ है, लेकिन देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर तेजी से दिखाई देने लगा है. उत्तर-पश्चिम और पश्चिम भारत के कई राज्यों में तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच रहा है. राजधानी दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. आसमान में हल्के बादल रह सकते हैं. मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिनों तक दिल्ली में मौसम लगभग ऐसा ही बना रहेगा. सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस होगी, जबकि दिन में गर्मी बढ़ेगी.

मौसम विभाग के अनुसार 11 और 12 मार्च के दौरान जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है. वहीं 11 से 15 मार्च के बीच हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी बारिश और बर्फबारी की संभावना है. शिमला में 11 और 12 मार्च को गरज के साथ बारिश हो सकती है, जिसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है.

इन राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 11 से 16 मार्च के बीच पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में हल्की बारिश की संभावना जताई है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 और 16 मार्च को बारिश हो सकती है. वहीं पश्चिमी राजस्थान में 14 मार्च और पूर्वी राजस्थान में 14 से 15 मार्च के बीच हल्की बारिश का अनुमान है. इसके अलावा बिहार, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में अलग-अलग दिनों में आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है.

राजस्थान और गुजरात में हीट वेव का खतरा

राजस्थान और गुजरात के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान और गुजरात के कुछ जिलों में हीट वेव जैसी स्थिति बनने की चेतावनी दी है. गुजरात के तटीय इलाकों में 11 से 13 मार्च के बीच गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है. मंगलवार को राजस्थान का बाड़मेर सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. झुंझुनू के पिलानी में तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

कई शहरों में 37 से 39 डिग्री के बीच तापमान

चित्तौड़गढ़, चूरू, बीकानेर और सीकर के फतेहपुर में तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. जयपुर में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में गर्म हवाएं चल सकती हैं. हालांकि 12 मार्च से तापमान में हल्की गिरावट आने के संकेत भी मिले हैं.

जम्मू-कश्मीर में बारिश से मिली राहत

दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर में लंबे समय से जारी सूखे के बीच मंगलवार को बारिश से कुछ राहत मिली. कश्मीर घाटी के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हुई, जबकि मैदानी क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई. श्रीनगर समेत कई इलाकों में सुबह तक बारिश होती रही.

पिछले महीनों में कम हुई थी बारिश

दरअसल दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच जम्मू-कश्मीर में सामान्य से करीब 65 प्रतिशत कम बारिश हुई थी. इस दौरान केवल 100.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि सामान्य तौर पर करीब 284.9 मिमी बारिश होती है. ऐसे में हालिया बारिश और बर्फबारी से जल स्रोतों और खेती को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जल स्तर और फसलों की स्थिति पर लगातार नजर रखने की जरूरत है.

ये भी पढ़ें- AMCA को मिलेगी अल्ट्रा पावरफुल रडार टेक्नोलॉजी, राफेल और F-35 को भी दे सकती है कड़ी टक्कर