PM Modi Visit Kerala: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को केरलम के कोच्चि में जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियों पर जमकर निशाना साधा. पीएम मोदी ने कांग्रेस पर मिडिल ईस्ट संकट को लेकर अफवाह फैलाने और राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि 'पश्चिम एशिया में आज जो कुछ भी हो रहा है, उससे आप सभी का चिंतित होना बहुत स्वाभाविक है. हमारे लाखों भाई-बहन वहां काम करते हैं. आपको याद रखना है कि आज देश में बीजेपी-एनडीए की सरकार है. जब भी हमारा कोई देशवासी संकट में पड़ा है, हमने उसे सुरक्षित बचाने के लिए पूरी ताकत लगा दी है.'
कांग्रेस वैश्विक संकट में राजनीति ढूंढ रही - पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, 'ये बहुत बड़ा दुर्भाग्य है कि कांग्रेस पार्टी इतने बड़े वैश्विक संकट में राजनीति ढूंढ रही है. कांग्रेस पार्टी जानबूझकर उकसाने वाले बयान दे रही है, गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रही है ताकि स्थितियां बिगड़ जाएं और हमारे लोग वहां संकट में फंस जाएं. फिर ये लोग मिलकर मोदी को गालियां देने की रील बनाने का अभियान शुरू कर सकें. यही उनका खेल है. मुझे संतोष है कि गल्फ के हमारे सभी मित्र देशों की सरकारें भी हमारे देश के नागरिकों का पूरा ध्यान रख रही हैं.'
पीएम मोदी ने कहा कि, 'आज युद्ध के इस समय में भी कांग्रेस-लेफ्ट और उसका इकोसिस्टम देश में डर पैदा करने में पूरी ताकत खपा रहे हैं. मैं देश से कहूंगा कि कांग्रेस-लेफ्ट की ओर से फैलाई जा रही अफवाहों से सावधान रहें, सतर्क रहें.'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत का जिक्र करते हुए कहा कि, 'एक तरफ बीजेपी-एनडीए देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है. वहीं दूसरी ओर कांग्रेस और लेफ्ट के लोग आत्मनिर्भर भारत अभियान का मजाक उड़ाने में ही जुटे रहते हैं. कांग्रेस और लेफ्ट के लोगों ने मिलकर सरकारें चलाई हैं. इन्होंने देश को विदेशों पर ज्यादा से ज्यादा निर्भर ही बनाया है.'
हमने अपनी सोलर एनर्जी क्षमता में बढ़ोतरी की - पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, 'वर्तमान संकट ने एक बार फिर आत्मनिर्भर बनने के महत्व को सिद्ध कर दिया है. ऊर्जा क्षेत्र में अन्य देशों पर निर्भरता कम करने के लिए सरकार ने हाल के वर्षों में कई कदम उठाए हैं. हमने अपनी सोलर एनर्जी क्षमता में बढ़ोतरी की है. केरल में भी सोलर प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो गया है. पेट्रोल और डीजल पर निर्भरता कम करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दिया जा रहा है.'
ये भी पढ़ें: केरलम दौरे पर पीएम मोदी, कोच्चि में मछुआरा समुदाय के स्वर्ण जयंती समारोह को किया संबोधित; जानें क्या कहा