टीम इंडिया ने मोहसिन नकवी को किया बेइज्जत, PCB चीफ के हाथ से नहीं ली ट्रॉफी, सवा घंटे तक हुआ बवाल

भारत ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब तो जीत लिया, लेकिन मैच जीतने के बाद जब ट्रॉफी प्रेजेंटेशन का समय आया, तो टीम इंडिया ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से साफ इनकार कर दिया.

Team India did not accept the trophy from the PCB chief
Image Source: Social Media

दुबई: भारतीय क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया है, लेकिन इस जीत के बाद एक ऐसा विवाद सामने आया जिसने पूरे क्रिकेट जगत को चौंका दिया. भारत ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब तो जीत लिया, लेकिन मैच जीतने के बाद जब ट्रॉफी प्रेजेंटेशन का समय आया, तो टीम इंडिया ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से साफ इनकार कर दिया.

ट्रॉफी को लेकर एक घंटे तक चला गतिरोध

फाइनल जीत के बाद सामान्यतः मेडल और ट्रॉफी सेरेमनी तुरंत होती है, लेकिन इस बार उसमें करीब एक घंटे की देरी हो गई. वजह थी भारतीय टीम का यह रुख कि वे PCB प्रमुख मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं लेंगे. भारतीय खिलाड़ियों का मानना था कि नकवी का पाकिस्तान के आतंकी गतिविधियों को लेकर दिया गया समर्थन अस्वीकार्य है, और ऐसे व्यक्ति से ट्रॉफी लेना राष्ट्रीय सम्मान के खिलाफ होगा.

BCCI की ओर से पहले ही यह निर्णय लिया गया था कि अगर भारतीय टीम टूर्नामेंट जीतती है, तो वह किसी भी पाकिस्तानी अधिकारी से ट्रॉफी या मेडल नहीं लेगी. इसी कारण जब आयोजकों ने नकवी को ट्रॉफी देने के लिए आमंत्रित किया, भारतीय टीम ने ट्रॉफी स्वीकार करने से मना कर दिया.

खिलाड़ियों ने बिना ट्रॉफी के ही जश्न मनाया

भारतीय खिलाड़ियों के इस फैसले के बाद आयोजकों ने ट्रॉफी को ग्राउंड से बाहर भेज दिया. हालांकि, खिलाड़ियों ने बिना ट्रॉफी के ही जश्न मनाया. टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साथी खिलाड़ियों के बीच एक भावनात्मक जेस्चर किया, जिसमें वे ऐसे हाथ बढ़ाकर आए मानो उनके हाथ में ट्रॉफी हो. इस भाव को सभी खिलाड़ियों ने दिल से स्वीकार किया और उसी "काल्पनिक ट्रॉफी" के साथ फोटो खिंचवाकर जीत का उत्सव मनाया.

सूर्यकुमार यादव बोले- मेरे लिए टीम ही ट्रॉफी

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब कप्तान सूर्यकुमार यादव से पूछा गया कि ट्रॉफी न मिलने पर उन्हें कैसा लगा, तो उन्होंने भावुक प्रतिक्रिया दी. सूर्या ने कहा, "जब से मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया है, ऐसा पहली बार देखा कि जीतने वाली टीम को ट्रॉफी नहीं दी गई. हमने बहुत मेहनत की है इस टूर्नामेंट को जीतने के लिए. लेकिन मेरे लिए मेरी टीम ही ट्रॉफी है- साथी खिलाड़ी, कोचिंग स्टाफ, पूरा सपोर्ट स्टाफ यही असली सम्मान है."

BCCI सचिव बोले- ICC में करेंगे शिकायत

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा, "हमने पहले ही फैसला कर लिया था कि हमारी टीम पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के किसी भी अधिकारी से कोई ट्रॉफी या मेडल नहीं लेगी. PCB प्रमुख नकवी वर्तमान में एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष भी हैं, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि वह भारतीय टीम को ट्रॉफी न सौंपने का अधिकार रखते हैं."

उन्होंने आगे कहा कि नवंबर में होने वाली ICC कॉन्फ्रेंस में भारत इस मुद्दे को उठाएगा और नकवी की इस हरकत के खिलाफ कड़ी आपत्ति दर्ज कराएगा. सैकिया ने उम्मीद जताई कि जल्द ही भारतीय टीम को आधिकारिक रूप से एशिया कप की ट्रॉफी सौंप दी जाएगी.

ये भी पढ़ें- Asia Cup 2025: टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 5 विकेट से दी मात, 9वीं बार बना एशिया का चैम्पियन