भारतीय इलेक्ट्रिक कार बाजार में Tata Motors लगातार नए प्रयोग कर रही है. अब कंपनी ने अपनी सबसे पॉपुलर इलेक्ट्रिक SUV Tata Nexon.ev को और ज्यादा फ्रेश लुक देने के लिए इसमें दो नए डुअल-टोन एक्सटीरियर कलर ऑप्शन शामिल किए हैं. इस अपडेट के बाद Nexon.ev न सिर्फ टेक्नोलॉजी में बल्कि लुक्स के मामले में भी पहले से ज्यादा दमदार नजर आने लगी है.
अब Nexon.ev 45 वेरिएंट Pure Grey और Ocean Blue जैसे नए आकर्षक रंगों में खरीदी जा सकती है. इससे उन ग्राहकों को खास फायदा मिलेगा जो इलेक्ट्रिक SUV में ज्यादा कलर चॉइस चाहते हैं. फिलहाल Tata Nexon.ev की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 12.49 लाख रुपये रखी गई है और यह सीधे तौर पर Mahindra XUV400 को टक्कर देती है.
किन वेरिएंट्स में मिलेंगे नए रंग विकल्प?
Tata Motors ने नए Pure Grey और Ocean Blue कलर को Nexon.ev 45 के चुनिंदा वेरिएंट्स तक ही सीमित रखा है. ये नए कलर Creative, Fearless और Empowered वेरिएंट्स में उपलब्ध कराए गए हैं. डिज़ाइन की बात करें तो Fearless और Empowered वेरिएंट्स में ब्लैक रूफ दी गई है, जबकि Creative वेरिएंट में व्हाइट रूफ के साथ डुअल-टोन लुक मिलता है. इससे SUV का ओवरऑल स्टाइल और ज्यादा प्रीमियम नजर आता है. पहले से मौजूद कलर ऑप्शन में Pristine White, Daytona Grey और Empowered Oxide शामिल हैं. ध्यान देने वाली बात यह है कि ये नए कलर सिर्फ 45 kWh बैटरी पैक वाले मॉडल में ही मिलेंगे, जबकि 30 kWh वेरिएंट में ये विकल्प उपलब्ध नहीं होंगे.
बैटरी, रेंज और चार्जिंग में कितना दम?
Tata Nexon.ev 45 में 46.08 kWh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो MIDC सर्टिफिकेशन के अनुसार लगभग 489 किलोमीटर की रेंज देने का दावा करती है. यह इलेक्ट्रिक SUV 144 bhp की पावर और 215 Nm का टॉर्क जनरेट करती है, जिससे ड्राइविंग एक्सपीरियंस काफी स्मूद और पावरफुल हो जाता है. परफॉर्मेंस की बात करें तो Nexon.ev सिर्फ 8.9 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की स्पीड पकड़ सकती है. चार्जिंग ऑप्शन भी काफी एडवांस हैं. 7.2 kW AC होम चार्जर से यह SUV करीब 6 घंटे 36 मिनट में 10 से 100 प्रतिशत तक चार्ज हो जाती है. वहीं, 60 kW DC फास्ट चार्जर से सिर्फ 40 मिनट में 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है. इसके अलावा इसमें V2V (Vehicle to Vehicle) और V2L (Vehicle to Load) जैसे आधुनिक फीचर्स भी मिलते हैं, जो इसे सेगमेंट में और खास बनाते हैं.
इंटीरियर और फीचर्स में भी नहीं कोई समझौता
Tata Nexon.ev का केबिन पूरी तरह प्रीमियम फील देता है. इसमें 12.3 इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.25 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 360-डिग्री कैमरा, वायरलेस चार्जिंग, वेंटिलेटेड सीटें, सनरूफ और JBL साउंड सिस्टम जैसे फीचर्स शामिल हैं. ग्राहकों को भरोसा देने के लिए Tata Motors Nexon.ev की हाई-वोल्टेज बैटरी पर लाइफटाइम वारंटी भी देती है, जो इलेक्ट्रिक कार खरीदने वालों के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है.
यह भी पढ़ें: 'कृप्या कम बोले धन्यवाद', यात्रियों के बोलने से परेशान हुआ ऑटो ड्राइवर; सीट के पीछे लिखी ऐसी बात