सलमान खान द्वारा होस्ट किए जा रहे चर्चित रियलिटी शो के 19वें सीज़न को शुरू हुए सात हफ्ते बीत चुके हैं. हर हफ्ते की तरह इस बार के 'वीकेंड का वार' में भी दर्शकों के वोट के आधार पर एक प्रतियोगी को घर से बाहर होना पड़ा. इस बार एलिमिनेशन की गाज गिरी अभिनेता, लेखक और फिल्ममेकर जीशान कादरी पर, जिन्हें 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' जैसी फिल्म लिखने के लिए जाना जाता है. शो में अपनी रणनीतियों और सोच-समझ कर चलने वाले रवैये के कारण उन्हें घर का ‘मास्टरमाइंड’ कहा जा रहा था, लेकिन लगातार राजनीति में उलझे रहने और गेम में खुद को पूरी तरह न झोंक पाने के चलते उन्हें दर्शकों से अपेक्षित समर्थन नहीं मिला.
घर से बाहर आने के बाद जीशान ने एक इंटरव्यू में तान्या मित्तल को लेकर कई निजी बातें साझा कीं. टेली टॉक इंडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “जो लोग कह रहे हैं कि तान्या झूठ बोलती है, वो इसलिए कह पा रहे हैं क्योंकि वो देख भी रहे हैं और सच को समझ भी रहे हैं. जब मैं घर में था, तब मेरी और तान्या की अच्छी बॉन्डिंग थी. जब मैं बीमार पड़ा था और मुझे 103 बुखार था, उस समय तान्या और शहबाज ने मेरी ड्यूटी भी निभाई, मेरा ध्यान रखा.” उन्होंने आगे बताया कि तान्या के साथ उनका एक खास रिश्ता था, जिसमें वे एक-दूसरे से निजी स्तर पर खुलकर बात करते थे. “कई बार वो मेरे पास आकर सिर रखकर रोती थी. एक बार उसने कहा कि ये रिश्ता एकतरफा है, तुम मुझे बहन नहीं मानते, मैं तुम्हें भाई मानती हूं. तब मैंने उसे कहा कि क्यों नहीं मानूंगा? तू है मेरी बहन.", जीशान ने याद करते हुए कहा.
बाहर आकर भी रिश्तों की अहमियत कायम
अपने अनुभव को साझा करते हुए जीशान ने साफ किया कि वे तान्या से अब भी उसी आत्मीयता से मिलेंगे जैसे घर में मिलते थे. उन्होंने कहा, “वो कल बाहर आएगी तो मैं उससे वैसे ही मिलूंगा. चाहे उसने अंदर कुछ भी बोला हो — झूठ, सच, कुछ नहीं बोला — ये बाहर की जनता, मीडिया, सब पूछेंगे... उसे जवाब देना होगा.”
तान्या की चुप्पी और बिछड़ते रिश्ते
जीशान के बाहर जाने पर तान्या उनसे मिलने नहीं आईं, जो कई दर्शकों को खटका. यह बात सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा में रही. हालांकि शो के बाद के एपिसोड्स में तान्या कई बार अकेले बैठकर भावुक होती दिखीं. जीशान के जाने से उनके करीबी माने जाने वाले ग्रुप में दरार भी देखने को मिल रही है. घर के समीकरण तेजी से बदल रहे हैं और अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अगला एलिमिनेशन किस कंटेस्टेंट के नाम रहेगा.
गेम से हटकर बने रिश्ते
जीशान और तान्या के रिश्ते ने यह जरूर साबित कर दिया कि रियलिटी शोज़ में केवल गेम नहीं होता, भावनाएं और रिश्ते भी अहम होते हैं. अब देखने वाली बात यह होगी कि आने वाले हफ्तों में यह भावनात्मक पहलू शो की रणनीतियों पर कितना असर डालता है. वहीं, तान्या मित्तल इस पर क्या प्रतिक्रिया देती हैं, इस पर भी दर्शकों की नजरें टिकी हैं.
यह भी पढ़ें: लैक्मे फ़ैशन वीक में कृष्णा श्रॉफ़ का ‘वारियर चिक’ अवतार, शान्तनु और निकिल की ड्रेस में बिखेरी अद्भुत आभा