भारतीय टेलीविजन की दुनिया में अगर किसी शो ने लगातार 15 से ज्यादा साल तक लोगों के चेहरे पर मुस्कान बनाए रखी है, तो वह है—‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’. इस शो ने बच्चों से लेकर बड़ों तक, हर उम्र के दर्शकों को एक साथ बैठकर हंसने का मौका दिया. समय बदला, कलाकार बदले, परिस्थितियाँ बदलीं—लेकिन दर्शकों का प्यार आज भी उतना ही गहरा है. ऐसे में अक्सर सवाल उठता है कि क्या यह शो अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहा है? इस पर अब खुद निर्माता असित कुमार मोदी ने स्पष्ट जवाब दिया है.
2008 में शुरू हुए इस सिटकॉम ने भारतीय टीवी इतिहास में अपनी अलग पहचान बनाई. ‘गोकुलधाम सोसाइटी’ और ‘टप्पू सेना’ हर घर का हिस्सा बन गए. हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में शो से कई अहम किरदारों का जाना दर्शकों के बीच हलचल पैदा करता रहा है. इस वजह से कई बार अटकलें लगाई जाती हैं कि शो जल्द बंद हो सकता है. लेकिन असित मोदी ने इस संभावना से साफ इंकार किया है.
शो बंद करने के इरादे पर क्या बोले आसित मोदी?
एक इवेंट में उन्होंने कहा कि ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ अभी भी दर्शकों का पसंदीदा शो है और इसे बंद करने का कोई इरादा नहीं है. उन्होंने कहा शो तब तक चलता रहेगा जब तक दर्शक इसे प्यार देते रहेंगे. यह सिर्फ एक टीवी शो नहीं, बल्कि एक ब्रांड है. इसे हमने मेहनत से बनाया है और लोग इसे दिल से देखते हैं. असित मोदी के इस बयान ने उन सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया है जो सोशल मीडिया पर लगातार फैल रही थीं.
ओटीटी और टीवी के दौर में ‘तारक मेहता’ की जगह
असित मोदी ने बदलते मनोरंजन प्लेटफॉर्म्स पर भी खुलकर बात की. उन्होंने माना कि तकनीक के आने से मनोरंजन की दुनिया बिल्कुल बदल चुकी है, लेकिन इसके बावजूद टीवी की अपनी अलग अहमियत होगी. उनका मानना है कि OTT के बढ़ने से टीवी खत्म नहीं होगा. टीवी वह माध्यम है जिसे पूरा परिवार एक साथ बैठकर देखता है. अगर अच्छा कंटेंट दिया जाए, तो दर्शक हमेशा वापस आएंगे.”उन्होंने यह भी बताया कि ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ ऐप पर भी उपलब्ध है, जिससे दर्शकों को अपनी सुविधा के अनुसार देखने का अवसर मिलता है. यानी शो अपने दर्शकों की बदलती जरूरतों के मुताबिक खुद को अपडेट कर रहा है.
दर्शकों का प्यार ही शो की असली ताकत
भले ही समय के साथ शो के कई किरदार बदले हों, लेकिन उसकी आत्मा हमेशा वही रही—हंसी, सकारात्मकता और परिवार की एकता. यही वजह है कि असित मोदी मानते हैं कि शो का सफर अभी लंबा है. उनके अनुसार, जब तक लोग गोकुलधाम की हंसी और गर्मजोशी को अपनाते रहेंगे, शो चलता रहेगा.
यह भी पढ़ें: Bigg Boss 19 Grand Finale: ' माय डार्लिंग फरू...', फरहाना के लिए वोट अपील करते हुए बोलीं कुनिका सदानंद