बिग बॉस 19 का सफर आखिरकार अपने अंतिम मोड़ पर पहुंच चुका है. आज यानी 7 दिसंबर को यह पता चल जाएगा कि लंबे मुकाबले, झगड़ों, दोस्ती और भावनाओं से भरे इस सीजन का विजेता कौन बनेगा. जैसे-जैसे फिनाले करीब आया, सोशल मीडिया पर वोट अपील की होड़ और तेज हो गई है.
हर फाइनलिस्ट के सपोर्टर्स खुलकर अपने पसंदीदा कंटेस्टेंट के लिए समर्थन माँग रहे हैं. इसी कड़ी में घर की पूर्व सदस्य कुनिका सदानंद भी सामने आई हैं, जिन्होंने एक बेहद इमोशनल वीडियो साझा कर फरहाना भट्ट के समर्थन में लोगों से वोट करने की अपील की है.
फरहाना के समर्थन में कुनिका का दिल छू लेने वाला संदेश
कुनिका द्वारा साझा किए गए वीडियो में घर के अंदर बिताए गए उनकी और फरहाना के कई खूबसूरत और भावुक पल एक साथ देखने को मिलते हैं. बैकग्राउंड में चल रही अपनी आवाज़ में कुनिका फरहाना की जर्नी को याद करते हुए कहती हैं कि कश्मीर से आई ये लड़की अपनी ज़िंदगी में पहले ही कई मुश्किलों से लड़ चुकी है, और इस घर में भी उसे कई उतार-चढ़ाव झेलने पड़े. लेकिन हर बार उसने खुद को एक असली हीरोइन की तरह साबित किया. कुनिका आगे कहती हैं कि वह चाहती हैं कि लोग फरहाना को वोट दें ताकि वह ट्रॉफी उठाकर बाहर जाए और कश्मीर के युवाओं के लिए प्रेरणा बन सके. उन्होंने दर्शकों से भावुक अपील करते हुए कहा प्लीज फरहाना के लिए वोट करें… माय डार्लिंग फरू!
फरहाना की जर्नी को बताया प्रेरणादायक
अपनी पोस्ट के कैप्शन में भी कुनिका ने फरहाना के संघर्ष को सलाम किया. उन्होंने लिखा कि संघर्षों से लेकर ताकत तक—फरहाना की यात्रा बेहद प्रभावशाली और प्रेरणा से भरी रही है. यही उनकी जीत का समय है और अब जरूरत है कि दर्शक वोट कर उनका साथ दें.
कैसे बदला कुनिका और फरहाना का रिश्ता
दिलचस्प बात यह है कि शो की शुरुआत में फरहाना और कुनिका के रिश्ते बिल्कुल विपरीत थे. दोनों के बीच कई बार तीखी बहसें हुईं, एक-दूसरे पर व्यक्तिगत टिप्पणियाँ भी की गईं. फरहाना ने कई बार कुनिका की उम्र को लेकर तंज कसा, जबकि कुनिका ने गुस्से में उन्हें ‘गटरमाउथ’ कह दिया था. लेकिन बिग बॉस के घर में रिश्ते जितनी जल्दी बिगड़ते हैं, उतनी ही जल्दी सुधर भी जाते हैं. घर से बाहर आने से पहले के दिनों में दोनों के बीच का तनाव खत्म हो गया, और दोनों के बीच एक सहज, सम्मानजनक बंधन बन गया. अब यही रिश्ते की गर्माहट कुनिका की वोट अपील में साफ झलकती है.
फिनाले की उलटी गिनती… कौन बनेगा चैंपियन?
अब जबकि बिग बॉस 19 का ग्रैंड फिनाले कुछ ही घंटों की दूरी पर है, सभी फाइनलिस्ट अपनी-अपनी चाहत और मेहनत के दम पर आखिरी लाइन पर खड़े हैं. फरहाना भट्ट के समर्थन में यह इमोशनल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, और देखना दिलचस्प होगा कि जनता के वोट किसे इस सीजन का विनर बनाते हैं.
यह भी पढ़ें: 'बिग बॉस 19' ग्रैंड फिनाले आज, ये हैं टॉप फाइनलिस्ट; जानें विनर को मिलेगी कितनी प्राइज मनी?