Chandranath Rath Murder Case: पश्चिम बंगाल में चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच अब बिहार तक पहुंच गई है. इस मामले की जांच कर रही पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने बक्सर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है. बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किया गया व्यक्ति विशाल श्रीवास्तव है, जिसे पूछताछ के लिए कोलकाता ले जाया गया है.
चंद्रनाथ रथ, पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) थे. उनकी हत्या के बाद से बंगाल एसटीएफ लगातार मामले की गहराई से जांच कर रही है और अब इस केस में बिहार कनेक्शन सामने आने से जांच का दायरा और बढ़ गया है.
बक्सर में अचानक हुई STF की कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल एसटीएफ की विशेष टीम बक्सर पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पांडेयपट्टी इलाके में छापेमारी की. इस दौरान विशाल श्रीवास्तव को हिरासत में लिया गया.
सूत्रों का कहना है कि जांच एजेंसियों को शक है कि चंद्रनाथ रथ हत्याकांड से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सुराग विशाल के पास हो सकते हैं. यही वजह है कि उसे तत्काल पूछताछ के लिए पश्चिम बंगाल ले जाया गया.
कार्रवाई इतनी तेजी से हुई कि इलाके में अचानक हलचल मच गई. स्थानीय लोगों के बीच भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
बक्सर एसपी ने क्या कहा?
बक्सर के एसपी शुभम आर्य ने पुष्टि की कि पश्चिम बंगाल पुलिस की एक टीम जिले में आई थी. उन्होंने बताया कि टीम ने कानूनी प्रक्रिया के तहत विशाल श्रीवास्तव को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई.
हालांकि पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया है कि विशाल की इस मामले में क्या भूमिका रही है. जांच एजेंसियां अभी कई पहलुओं पर काम कर रही हैं.
विशाल श्रीवास्तव का आपराधिक इतिहास
पुलिस सूत्रों के अनुसार विशाल श्रीवास्तव का नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है. बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ बक्सर जिले के विभिन्न थानों में करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं.
इन मामलों में हत्या, आर्म्स एक्ट और गंभीर मारपीट जैसी धाराएं शामिल बताई जा रही हैं. स्थानीय पुलिस लंबे समय से उस पर नजर रखे हुए थी.
अब बंगाल एसटीएफ को शक है कि उसका संबंध चंद्रनाथ रथ हत्याकांड से भी हो सकता है या फिर उसके पास इस मामले से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी हो सकती है.
हत्याकांड की जांच में नया मोड़
चंद्रनाथ रथ हत्याकांड को पश्चिम बंगाल की राजनीति से जुड़ा संवेदनशील मामला माना जा रहा है. ऐसे में बिहार से संदिग्ध को हिरासत में लिए जाने के बाद जांच में नया मोड़ आ गया है.
एसटीएफ की कोशिश अब इस हत्याकांड के पीछे मौजूद पूरे नेटवर्क और संभावित साजिशकर्ताओं तक पहुंचने की है. जांच एजेंसियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं.
हालांकि अभी तक पुलिस ने आधिकारिक तौर पर किसी बड़े षड्यंत्र या साजिश की पुष्टि नहीं की है. जांच जारी है और एजेंसियां हर पहलू को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ रही हैं.
ये भी पढे़ं- IPL 2026: भुवनेश्वर कुमार ने फिर किया पर्पल कैप पर कब्जा, ऑरेंज कैप की रेस में फिसले विराट कोहली