पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, सेना के जवान का शव ले जा रही एंबुलेंस ट्रक में घुसी, 4 की मौत

Purvanchal Expressway Accident: रविवार सुबह हलियापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर यह हादसा हुआ. पंचकूला से सेना के शहीद जवान का शव लेकर देवरिया जा रही एंबुलेंस अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसमें शहीद के परिवार के दो सदस्यों समेत चार लोगों की मौत हो गई.

sultanpur-purvanchal-expressway-ambulance-accident-four-people-killed
Image Source: Internet

Sultanpur Accident: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में रविवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई. एक एंबुलेंस सेना के जवान के शव को लेकर पंचकूला से देवरिया जा रही थी. इसी दौरान हलियापुर थाना क्षेत्र में एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस में सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.

माइलस्टोन 79.6 के पास हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना सुबह करीब 8 बजे हलियापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 79.6 के पास हुई. एंबुलेंस चंडीगढ़/पंचकूला में शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान सिंह का शव लेकर देवरिया जा रही थी. एंबुलेंस में शहीद के परिवार के दो सदस्य, सेना का एक जवान और चालक मौजूद थे. अचानक एंबुलेंस बेकाबू हुई और सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी. टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.

हादसे में इन चार लोगों की मौत

पुलिस ने मृतकों की पहचान कर ली है. एंबुलेंस चालक जसपाल की उम्र 30 साल थी. इसके अलावा शहीद के परिवार से जुड़े साजन सिंह 35 वर्ष और गौरव सिंह 28 वर्ष की भी हादसे में जान चली गई. चौथे मृतक सेना के जवान राम समुझ सिंह थे, जिनकी उम्र 40 वर्ष बताई गई है.

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह के साथ हलियापुर थाना पुलिस और राहत एवं बचाव दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.

एंबुलेंस बेकाबू होने की वजह की जांच

पुलिस हादसे की वजह का पता लगाने में जुटी है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस तेज रफ्तार में जा रही थी और इसी दौरान चालक को नींद की झपकी आने की बात सामने आई है. हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.

पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके अलावा हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि दुर्घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके.

शहीद के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान सिंह का परिवार पहले ही उनके निधन से गहरे सदमे में था. इसी बीच शव को देवरिया ले जाते समय हुए हादसे में परिवार के दो सदस्यों की मौत की खबर ने दुख को और बढ़ा दिया. हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए. पुलिस के मुताबिक, चारों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं. वहीं, शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान सिंह के शव को फिलहाल थाने में रखा गया है. पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है.

ये भी पढ़ें- शाहजाद भट्टी नेटवर्क पर ATS की ताबड़तोड़ कार्रवाई, यूपी में 55 टीमें कर रहीं छापेमारी, रडार पर मददगार