असम के कार्बी आंगलोंग जिले में एक सुखोई-30 MKI फाइटर जेट का रडार से संपर्क अचानक टूट गया है. फिलहाल विमान का कोई सुराग नहीं मिल सका है. डिफेंस पीआरओ गुवाहाटी ने बताया कि एयरफोर्स की टीम घटनास्थल पर तथ्यों की जांच और विमान को खोजने के लिए भेजी गई है. इसके साथ ही खोज और बचाव अभियान तुरंत शुरू कर दिया गया.
खोज अभियान और स्थानीय रपटें
सूत्रों के अनुसार, विमान जोरहाट से उड़ान भर रहा था और सॉर्टी करते समय अचानक गायब हो गया. स्थानीय लोगों ने जोरदार धमाके की आवाज सुनी, जिससे ये संभावना जताई जा रही है कि विमान क्रैश हो गया हो. हालांकि, एयरफोर्स या रक्षा मंत्रालय की ओर से इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया.
One Su-30 MKI fighter aircraft missing from radar contact. Airforce team launched to ascertain the facts: Defence PRO, Guwahati pic.twitter.com/Mm3ZooWvD0
— ANI (@ANI) March 5, 2026
स्थानीय लोगों की सूचना
स्थानीय निवासियों ने बताया कि धमाके के कुछ ही सेकंड बाद पहाड़ियों की ओर से धुआं उठता हुआ देखा गया. यह क्षेत्र बस्ती से काफी दूर है, जिससे मौके पर पहुंचना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है. खोजी दल इलाके में पहुँचकर सर्च ऑपरेशन को तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं.
सुखोई-30 MKI की विशेषताएं
सुखोई-30 MKI रूसी तकनीक पर आधारित ट्विन सीटर और ट्विन इंजन मल्टीरोल फाइटर जेट है. यह विमान हवा से हवा और हवा से जमीन दोनों प्रकार के हमले कर सकता है. इसके अलावा यह 8,000 किलोग्राम बाहरी हथियार और एक 30 मिमी GSH गन ले जाने में सक्षम है. सुखोई-30 MKI का हमला क्षेत्र लगभग 3,000 किलोमीटर तक फैला हुआ है, जो इसे भारतीय वायुसेना का महत्वपूर्ण स्तंभ बनाता है.
ये भी पढ़ें: बंगाल में चुनाव से पहले बढ़ी हलचल, राज्यपाल आनंद बोस दिया इस्तीफा, लद्दाख एलजी ने भी छोड़ा पद