महाराष्ट्र के नांदेड़ में सुखबीर सिंह बादल पर जानलेवा हमला, निहंग ने कृपाण से किया अटैक

महाराष्ट्र के नांदेड़ से गुरुवार को शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर हमले की खबर सामने आई, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

sukhbir-singh-badal-attacked-nanded-gurdwara-incident
Image Source: Social Media

महाराष्ट्र के नांदेड़ से गुरुवार को शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर हमले की खबर सामने आई, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. गुरुद्वारा माता साहिब कौर परिसर में बादल पर कथित तौर पर एक निहंग ने कृपाण से हमला किया. घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जबकि उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.

माथा टेकने पहुंचे थे, तभी हुआ हमला

जानकारी के मुताबिक, सुखबीर सिंह बादल नांदेड़ स्थित गुरुद्वारा माता साहिब कौर में माथा टेकने पहुंचे थे. इसी दौरान उन पर हमला किया गया. हमले में उनके हाथ में चोट लगने की जानकारी सामने आई है. सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल स्थिति को संभाला और बादल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. घटना के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड़ पुलिस से मामले की जानकारी ली है. फिलहाल पुलिस हमले की परिस्थितियों और आरोपी के मकसद की जांच कर रही है.

दो साल पहले भी हुआ था जानलेवा हमला

सुखबीर सिंह बादल इससे पहले दिसंबर 2024 में भी हमले का सामना कर चुके हैं. 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर के स्वर्ण मंदिर परिसर के बाहर धार्मिक सजा के तहत सेवा कर रहे बादल पर नारायण सिंह चौड़ा ने गोली चलाने की कोशिश की थी. हालांकि सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत हमलावर को पकड़ लिया था और बादल उस हमले में सुरक्षित बच गए थे. करीब दो साल बाद नांदेड़ में हुई ताजा घटना ने उनकी सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

ये भी पढ़ें: लाल किले के पास अल-कायदा ने कराया था हमला, संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा