लद्दाख के लेह में गुरुवार सुबह धरती अचानक कांप उठी. सुबह करीब 6 बजकर 5 मिनट पर आए भूकंप ने लोगों को झकझोर दिया. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.5 मापी गई और इसका केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे था. तेज झटके महसूस होते ही कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए और सड़कों पर जमा हो गए. फिलहाल भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है.
तेज झटकों से मची दहशत
भूकंप के समय कुछ लोग सो रहे थे, जबकि कई लोग सुबह की दिनचर्या में जुट चुके थे. अचानक घरों के हिलने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों के मुताबिक, झटके इतने तेज थे कि नींद में भी घर के हिलने का एहसास हुआ. भूकंप के बाद संभावित आफ्टरशॉक्स को लेकर भी लोगों में डर बना हुआ है और कई लोग एहतियात के तौर पर कुछ समय तक घरों के अंदर जाने से बचते रहे. प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
EQ of M: 5.5, On: 13/08/2026 06:05:15 IST, Lat: 36.881 N, Long: 74.402 E, Depth: 10 Km, Location: Leh, Ladakh.
— National Center for Seismology (@NCS_Earthquake) August 13, 2026
For more information Download the BhooKamp App https://t.co/5gCOtjdtw0 @DrJitendraSingh @OfficeOfDrJS @DrNKalaiselvi @GSuresh_NCS @ndmaindia pic.twitter.com/PWjNXlhVk0
5.5 तीव्रता का भूकंप कितना खतरनाक?
भूकंप की तीव्रता बढ़ने के साथ उसके प्रभाव का खतरा भी बढ़ जाता है. रिक्टर पैमाने पर 2.0 या उससे कम तीव्रता वाले भूकंप को आमतौर पर बहुत हल्का माना जाता है, जबकि 4.5 या उससे अधिक तीव्रता वाले झटके लोगों को स्पष्ट रूप से महसूस हो सकते हैं और कमजोर इमारतों को नुकसान पहुंचा सकते हैं. वहीं, 7.0 या उससे अधिक तीव्रता के भूकंप बेहद शक्तिशाली माने जाते हैं और बड़े पैमाने पर तबाही की वजह बन सकते हैं. लेह में आए 5.5 तीव्रता के भूकंप के बाद फिलहाल किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन संभावित झटकों को देखते हुए सावधानी बरतना जरूरी है.
ये भी पढ़ें: भारतीय युद्धपोतों से लॉन्च होंगे कामिकाजे ड्रोन, 1000 किमी तक मारक क्षमता वाले सिस्टम की तैयारी