कल फिर बरसेंगे बादल, दिल्ली-NCR से यूपी-बिहार तक भारी बारिश का अलर्ट, IMD का अलर्ट

Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मानसून की बारिश लगातार जारी है. अगस्त की शुरुआत भी अच्छी बारिश के साथ हुई थी. महीने के पहले हफ्ते में कई जगहों पर इतनी बारिश हुई कि पुराने रिकॉर्ड तक टूट गए. अब भी कई राज्यों में तेज बारिश का दौर चल रहा है.

weather 13 august IMD issues heavy rain alert for areas ranging from Delhi-NCR UP Bihar
Image Source: ANI/ File

Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मानसून की बारिश लगातार जारी है. अगस्त की शुरुआत भी अच्छी बारिश के साथ हुई थी. महीने के पहले हफ्ते में कई जगहों पर इतनी बारिश हुई कि पुराने रिकॉर्ड तक टूट गए. अब भी कई राज्यों में तेज बारिश का दौर चल रहा है.

मौसम विभाग ने 13 अगस्त के लिए देश के कई हिस्सों में बारिश का अनुमान जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, कल 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है. कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की भी चेतावनी है.

दिल्ली-एनसीआर में कल भी बारिश

दिल्ली-एनसीआर में 13 अगस्त को बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

हवा में नमी ज्यादा रहने के कारण मौसम उमस भरा रह सकता है. 14 अगस्त को भी दिल्ली में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है. उस दिन अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

उत्तर प्रदेश में कई जगह भारी बारिश

उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय बना हुआ है. राज्य के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13 अगस्त को कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है. इस दौरान आंधी चलने और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा.

14 से 18 अगस्त के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश और बढ़ सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 13 और 14 अगस्त को कुछ जगहों पर आंधी और बिजली गिरने के साथ बारिश होने की संभावना है. 14 से 17 अगस्त के बीच यहां भी भारी बारिश हो सकती है.

पश्चिम बंगाल में 15 अगस्त तक बारिश

पश्चिम बंगाल में भी बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने मौसम के सिस्टम की वजह से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. 13 अगस्त को पूर्वी मिदनापुर, पश्चिमी मिदनापुर, दक्षिण 24 परगना, झारग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया और पश्चिमी बर्दवान में भारी बारिश की संभावना है. 14 अगस्त को पूर्वी बर्दवान, पश्चिमी बर्दवान, पुरुलिया और बीरभूम में तेज बारिश हो सकती है. 15 अगस्त को बीरभूम, पूर्वी बर्दवान और नदिया में भारी बारिश का अनुमान है.

उत्तर बंगाल में भी तेज बारिश

उत्तर बंगाल के जिलों में भी बारिश जारी रहने की संभावना है. 13 अगस्त को जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में भारी बारिश हो सकती है. 14 अगस्त को दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी बारिश का अनुमान है. 15 अगस्त को दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.

राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश

राजस्थान में मानसून सक्रिय बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. हालांकि 14 अगस्त से जोधपुर, उदयपुर और अजमेर संभाग के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की गतिविधि कम होने की संभावना है.

इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल के गंगा वाले इलाकों में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है. कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है. इसके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, ओडिशा, गोवा, महाराष्ट्र और गुजरात में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

कई राज्यों में बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है.

ये भी पढ़ें- 'आजाद बलूचिस्तान' से तिलमिलाया पाकिस्तान! गोंधन में भीषण हवाई हमले, 27 लोगों की मौत