IMD Alert: मॉनसून ने फिर बदला मिजाज, आज कई राज्यों में भारी बारिश; जानें कहां-कैसा रहेगा मौसम?

IMD Monsoon Update: देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मॉनसून सक्रिय होता नजर आ रहा है. बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में बने नए मौसम तंत्र के मजबूत होने से पूर्वी और मध्य भारत में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है.

monsoon-rain-alert-delhi-ncr-heavy-rain-states
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

IMD Monsoon Update: देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मॉनसून सक्रिय होता नजर आ रहा है. बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में बने नए मौसम तंत्र के मजबूत होने से पूर्वी और मध्य भारत में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, यह तंत्र अगले कुछ घंटों में कम दबाव वाले क्षेत्र के रूप में स्पष्ट हो सकता है और इसके बाद और मजबूत होकर अवदाब का रूप ले सकता है. इसके असर से आने वाले दिनों में कई राज्यों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है.

बंगाल की खाड़ी से उठे सिस्टम का बढ़ेगा असर

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटों के पास बना यह सिस्टम मजबूत होकर पश्चिम बंगाल और उससे सटे इलाकों से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ सकता है. इसके चलते पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है. सक्रिय मॉनसून ट्रफ भी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर बनी हुई है, जिससे कई क्षेत्रों में वर्षा के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं.

दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी दिल्ली और एनसीआर में गुरुवार को मौसम अपेक्षाकृत शांत और सुहावना रह सकता है. हालांकि, दिन के दौरान हल्की बारिश की संभावना से इनकार नहीं किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक, आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और सुबह से शाम के बीच एक-दो बार बहुत हल्की बारिश हो सकती है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी

13 अगस्त को गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है. मौसम तंत्र के मजबूत होने के साथ इन इलाकों में बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना जताई गई है. छत्तीसगढ़ में भी कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.

इन राज्यों में भी बरसेंगे बादल

झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, पश्चिमी मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, केरल, कर्नाटक, कोंकण और गोवा, पूर्वोत्तर के कई हिस्सों और तमिलनाडु में भी भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में व्यापक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है.

राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी तेज बारिश

मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान में 13 और 14 अगस्त को भारी बारिश की संभावना जताई है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी गुरुवार को तेज बारिश हो सकती है. वहीं गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में सक्रिय मॉनसून का प्रभाव बना रहेगा. पिछले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है, जबकि महाराष्ट्र, गुजरात और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश हुई.

पहाड़ों से दक्षिण भारत तक बारिश का असर

पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रहने की संभावना है. कर्नाटक और केरल के तटीय इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है. ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रा करने वालों को मौसम के बदलाव पर नजर रखने की सलाह दी गई है.

14 अगस्त से दिल्ली समेत उत्तर-पश्चिम में बढ़ेगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, 14 अगस्त से उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े हिस्से में नमी बढ़ने की संभावना है. इसके साथ हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में व्यापक बारिश का दौर शुरू हो सकता है. यानी दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल हल्की बारिश के आसार हैं, लेकिन अगले दिन से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. नए मौसम तंत्र की दिशा और ताकत आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में मॉनसून की स्थिति को प्रभावित करेगी.

ये भी पढ़ें: भारतीय युद्धपोतों से लॉन्च होंगे कामिकाजे ड्रोन, 1000 किमी तक मारक क्षमता वाले सिस्टम की तैयारी