BCCI New Rules For IPL 2026: आईपीएल 2026 में इस बार सिर्फ मैदान पर मुकाबले ही चर्चा में नहीं हैं, बल्कि बीसीसीआई के नए सख्त नियम भी लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. फैंस यह जानना चाहते हैं कि आखिर अचानक बोर्ड को इतने कड़े नियम क्यों लागू करने पड़े.
दरअसल, पिछले कुछ समय में खिलाड़ियों की सोशल मीडिया गतिविधियों, होटल में अनजान लोगों की एंट्री और सुरक्षा नियमों की अनदेखी जैसी कई घटनाएं सामने आई थीं. इन्हीं वजहों के बाद बीसीसीआई ने अब सख्त कदम उठाने का फैसला किया है.
रील्स और सोशल मीडिया बना चिंता की वजह
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ खिलाड़ी प्रतिबंधित जगहों पर रील्स और वीडियो शूट कर रहे थे. कई खिलाड़ी सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के साथ काफी समय बिताते नजर आए.
बताया जा रहा है कि कुछ टीमें सीजन के दौरान सोशल मीडिया कंटेंट बनाने के लिए बाहर से लोगों को हायर करती हैं. इन्हीं में से कुछ लोग खिलाड़ियों के काफी करीब पहुंच गए थे. एक मामले में टीम के एक युवा खिलाड़ी ने कंटेंट टीम के नए सदस्य से अपने लिए निजी वीडियो और तस्वीरें शूट करवाए. ये वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए.
मैदान और होटल के अंदर तक पहुंचे कैमरे
सबसे बड़ी चिंता की बात यह रही कि कुछ वीडियो स्टेडियम के अंदर और टीम के अभ्यास सत्र के दौरान रिकॉर्ड किए गए थे. इतना ही नहीं, कुछ फुटेज खिलाड़ियों के होटल के कमरों तक से जुड़े बताए गए. इसके बाद बीसीसीआई की भ्रष्टाचार निरोधक इकाई यानी ACU सतर्क हो गई. बोर्ड को डर है कि इस तरह की गतिविधियां सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती हैं.
‘हनी ट्रैप’ को लेकर भी चेतावनी
बीसीसीआई ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को साफ चेतावनी दी है कि होटल के कमरों में अनधिकृत लोगों को बुलाना खतरनाक हो सकता है. बोर्ड ने आशंका जताई है कि कुछ लोग खिलाड़ियों को ‘हनी ट्रैप’ में फंसाने की कोशिश कर सकते हैं. इसी वजह से अब खिलाड़ियों को अपनी गतिविधियों की जानकारी सुरक्षा अधिकारियों को देना जरूरी कर दिया गया है.
बिना अनुमति मेहमान बुलाने पर सख्ती
नई गाइडलाइन के तहत खिलाड़ी अपने होटल रूम में किसी भी बाहरी व्यक्ति को बिना अनुमति नहीं बुला सकेंगे. अगर किसी खिलाड़ी को किसी से मिलना है, तो उसकी जानकारी टीम मैनेजर और सुरक्षा अधिकारियों को देनी होगी. बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि नियम तोड़ने पर कार्रवाई भी की जा सकती है.
कुछ खिलाड़ियों की वजह से बढ़ी चिंता
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि हाल ही में एक खिलाड़ी देर रात तक अपने कमरे में कुछ लोगों को बुलाता था. जब ACU अधिकारियों ने इस बारे में टीम मैनेजर से सवाल किया, तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला.
एक अन्य घटना में एक खिलाड़ी देर रात दोस्तों के साथ होटल पहुंचा और टीम अधिकारियों के कॉल का जवाब भी नहीं दिया. बताया जा रहा है कि कुछ मामलों को दबा भी दिया गया, क्योंकि संबंधित खिलाड़ी टीम मालिकों के करीबी माने जाते हैं.
नए खिलाड़ियों को समझाना सबसे बड़ी चुनौती
एक फ्रेंचाइजी अधिकारी के मुताबिक, आज के युवा खिलाड़ी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं. वे ज्यादा लाइक्स, फॉलोअर्स और वायरल कंटेंट के लिए लगातार वीडियो बनाते रहते हैं.
हालांकि बीसीसीआई चाहता है कि खिलाड़ी एक तय सीमा के अंदर रहकर ही सोशल मीडिया का इस्तेमाल करें. टीमों ने अब कंटेंट बनाने वाले लोगों की संख्या कम करनी शुरू कर दी है, खासकर उन लोगों की जिन्हें सिर्फ आईपीएल सीजन के दौरान कुछ महीनों के लिए रखा जाता है.
सीनियर खिलाड़ियों को नियमों की समझ
फ्रेंचाइजी अधिकारियों का कहना है कि सीनियर खिलाड़ियों को नियमों और सुरक्षा की गंभीरता अच्छी तरह समझ आती है. लेकिन जो खिलाड़ी पहली बार आईपीएल खेल रहे हैं, उन्हें इन बातों का ज्यादा अनुभव नहीं होता. इसी वजह से अब टीम मैनेजमेंट युवा खिलाड़ियों को लगातार जागरूक करने में जुटा है.
BCCI नहीं चाहता कोई बड़ा विवाद
बीसीसीआई का मानना है कि आईपीएल सिर्फ क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि देश का सबसे बड़ा खेल आयोजन है. ऐसे में खिलाड़ियों की सुरक्षा, टूर्नामेंट की गोपनीयता और भ्रष्टाचार से बचाव सबसे जरूरी है. इसी कारण अब बोर्ड हर छोटी गतिविधि पर नजर रख रहा है, ताकि भविष्य में किसी बड़े विवाद या सुरक्षा खतरे से बचा जा सके.
ये भी पढ़ें- तमिलनाडु में 'विजय सरकार' का रास्ता साफ, VCK ने सौंपा विधायकों का समर्थन पत्र; कल हो सकता है शपथ ग्रहण