Spider Man Collection: बॉक्स ऑफिस पर स्पाइडर-मैन का तूफान, 'बॉर्डर 2' को पछाड़ा, जानें कलेक्शन

Spider Man Box Office Collection: टॉम हॉलैंड की ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी है. रिलीज के पहले हफ्ते में 300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करने वाली इस हॉलीवुड फिल्म ने दूसरे सप्ताह में पहुंचते ही एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है.

spider-man-brand-new-day-india-box-office-crosses-border-2-record
Image Source: Social Media

Spider Man Box Office Collection: टॉम हॉलैंड की ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी है. रिलीज के पहले हफ्ते में 300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करने वाली इस हॉलीवुड फिल्म ने दूसरे सप्ताह में पहुंचते ही एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है. नौवें दिन भी दर्शकों के बीच फिल्म का क्रेज कम नहीं हुआ और इसकी कमाई ने बॉलीवुड की एक बड़ी फिल्म के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया. शुरुआती आंकड़े संकेत दे रहे हैं कि फिल्म जल्द ही भारत में 350 करोड़ रुपये नेट का आंकड़ा पार कर सकती है.

नौवें दिन भी जारी रहा ताबड़तोड़ कलेक्शन

सैकनिल्क के शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने रिलीज के नौवें दिन भारत में करीब 14.50 करोड़ रुपये नेट का कलेक्शन किया. दूसरे शुक्रवार को फिल्म की कमाई में लगभग 1.8 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. इसके साथ ही भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन करीब 349.25 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन लगभग 417.63 करोड़ रुपये पहुंच गया है. यानी 350 करोड़ रुपये नेट क्लब में शामिल होने के लिए फिल्म को अब ज्यादा लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.

अंग्रेजी वर्जन बना कमाई का सबसे बड़ा इंजन

भारत में फिल्म की सफलता में इसके अंग्रेजी वर्जन की भूमिका सबसे अहम दिखाई दे रही है. अब तक इसके कुल नेट कलेक्शन में अंग्रेजी वर्जन का योगदान करीब 191.35 करोड़ रुपये रहा है. वहीं हिंदी डब वर्जन ने लगभग 124.40 करोड़ रुपये का कारोबार किया है. इसके अलावा तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ वर्जन से भी फिल्म को अच्छी कमाई मिली है. अलग-अलग भाषाओं में दर्शकों की मजबूत प्रतिक्रिया ने फिल्म को दूसरे सप्ताह में भी बॉक्स ऑफिस पर टिकाए रखा है.

‘बॉर्डर 2’ का रिकॉर्ड टूटा, अब ‘धुरंधर’ पर नजर

नौवें दिन की कमाई के साथ ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ को पीछे छोड़ दिया है. सैकनिल्क के अनुसार, ‘बॉर्डर 2’ ने भारत में 329.43 करोड़ रुपये का लाइफटाइम नेट कलेक्शन किया था, जबकि स्पाइडर-मैन ने महज नौ दिनों में करीब 349.25 करोड़ रुपये जुटा लिए. अब फिल्म के सामने अगला बड़ा लक्ष्य ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का 1149.30 करोड़ रुपये का विशाल लाइफटाइम कलेक्शन है. हालांकि इस आंकड़े तक पहुंचना काफी मुश्किल नजर आता है, लेकिन टॉम हॉलैंड की फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अपनी धाक जरूर जमा दी है.

ये भी पढ़ें: गोविंदा के साथ एयरपोर्ट पर दिखीं ये एक्ट्रेस, फिर तेज हुई अफेयर की चर्चा, जानें क्या है मामला