Spider Man Collection: 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' का बॉक्स ऑफिस पर जलवा, 400 करोड़ के पार पहुंची कमाई

Spider Man Collection: टॉम हॉलैंड स्टारर 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' का क्रेज भारतीय दर्शकों के बीच लगातार बढ़ता जा रहा है.

spider-man-brand-new-day-box-office-collection-records-india
Image Source: Social Media

Spider Man Collection: टॉम हॉलैंड स्टारर 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' का क्रेज भारतीय दर्शकों के बीच लगातार बढ़ता जा रहा है. फिल्म ने रिलीज के पहले हफ्ते में ही शानदार प्रदर्शन करते हुए 334.75 करोड़ रुपये की नेट कमाई की थी, लेकिन दूसरे वीकेंड में इसकी रफ्तार और भी तेज हो गई. 

दूसरे शुक्रवार को 15 करोड़ और शनिवार को 31 करोड़ रुपये कमाने के बाद रविवार को फिल्म ने जबरदस्त छलांग लगाई. सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के 11वें दिन यानी दूसरे रविवार को फिल्म ने करीब 35 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. इसके साथ ही भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन 416.25 करोड़ रुपये पहुंच गया है.

400 करोड़ क्लब में एंट्री

'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' ने सिर्फ कमाई नहीं की, बल्कि हॉलीवुड फिल्मों के भारतीय बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड्स की तस्वीर भी बदल दी है. दूसरे शनिवार को फिल्म ने 'एवेंजर्स: एंडगेम' के 373.22 करोड़ रुपये के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़कर भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली एमसीयू फिल्म का खिताब अपने नाम किया था. 

अब 11वें दिन 416.25 करोड़ रुपये के आंकड़े तक पहुंचने के साथ इसने 'अवतार: द वे ऑफ वॉटर' के 391 करोड़ रुपये के भारतीय नेट कलेक्शन को भी पछाड़ दिया है. इस तरह 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' अब भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हॉलीवुड फिल्म बन गई है.

नया बॉक्स ऑफिस बेंचमार्क बनाया

फिल्म की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक यह भी है कि 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' भारत में 400 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन का आंकड़ा पार करने वाली पहली हॉलीवुड फिल्म बन गई है. महज 11 दिनों में इस मुकाम तक पहुंचना फिल्म की जबरदस्त लोकप्रियता को दिखाता है. सिनेमाघरों में लगातार मजबूत ऑक्यूपेंसी और दर्शकों के बीच बने उत्साह ने इसके दूसरे वीकेंड को खास बना दिया है. जिस रफ्तार से फिल्म आगे बढ़ रही है, उसे देखते हुए आने वाले दिनों में इसके कलेक्शन में और इजाफा होने की उम्मीद की जा रही है.

क्या है 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' की कहानी?

'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' में टॉम हॉलैंड एक बार फिर पीटर पार्कर के किरदार में नजर आ रहे हैं. फिल्म में जेंडया, जैकब बैटलन, जॉन बर्नथल और मार्क रफालो जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं. 

कहानी पीटर पार्कर की उस जिंदगी को आगे बढ़ाती है, जहां वह स्पाइडर-मैन की पहचान से अलग सामान्य जीवन जीने की कोशिश करता है, लेकिन नई चुनौतियां और जिम्मेदारियां उसे फिर सुपरहीरो की दुनिया में खींच लाती हैं. एक्शन, इमोशन और मार्वल यूनिवर्स से जुड़े रोमांच के कारण फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में लगातार सफल हो रही है.

ये भी पढ़ें: विशाखापत्तनम में अल्लू अर्जुन ने खोला AAA सिनेमाज, मिलेगा वर्ल्ड-क्लास एक्सपीरियंस