Snowfall: न्यू ईयर से पहले इन जगहों पर होगी बर्फबारी! अभी से पहुंच रहे पहुंचे सैलानी, देखें ताजा अपडेट

नए साल से ठीक पहले हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर सर्दी अपने चरम पर पहुंच सकती है.

snowfall at these places before New Year latest weather updates
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Snowfall: नए साल से ठीक पहले हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर सर्दी अपने चरम पर पहुंच सकती है. पहाड़ी राज्य में बर्फबारी की संभावनाओं ने न केवल ठिठुरन बढ़ा दी है, बल्कि पर्यटन स्थलों पर पहुंचे सैलानियों की उत्सुकता भी काफी बढ़ा दी है. मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष के अंतिम दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने के आसार बन रहे हैं.

नए साल का स्वागत बर्फ के फाहों से हो सकता है

मौसम विभाग का कहना है कि अगर परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो हिमाचल प्रदेश में नया साल बर्फबारी के साथ शुरू हो सकता है. इस अपडेट के बाद क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर पहुंचे लाखों पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है.

पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के मुताबिक, बर्फबारी की संभावना के चलते होटल बुकिंग और ट्रैवल प्लान में तेजी आई है. बर्फ देखने की चाह रखने वाले सैलानियों की नजरें अब पूरी तरह मौसम पर टिकी हुई हैं.

30 और 31 दिसंबर को बदलेगा मौसम का मिजाज

मौसम विभाग के अनुसार, 30 और 31 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. विशेष रूप से लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कुल्लू और मंडी जिलों के ऊपरी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है.

इन इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. वहीं, निचले और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ ठंड बढ़ने के आसार हैं.

ऊंचाई वाले इलाकों में बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग ने बताया कि उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी होने से पहाड़ों की खूबसूरती और बढ़ सकती है, लेकिन इसके साथ ही ठंड का असर भी तेज होगा. वहीं, मैदानी और निचले पहाड़ी इलाकों में बारिश की वजह से सर्द हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को अधिक ठंड महसूस होगी.

नए साल के जश्न के लिए हिमाचल का रुख कर रहे पर्यटकों के लिए यह मौसम रोमांचक हो सकता है, हालांकि उन्हें मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने की सलाह दी जा रही है.

बिलासपुर में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने बिलासपुर जिले में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है.

कोहरे के कारण दृश्यता में कमी आने की आशंका जताई गई है. ऐसे में वाहन चालकों को सुबह और देर रात यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

इन जिलों के ऊपरी हिस्सों में बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा और मंडी जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ बर्फ गिरने के आसार हैं. इससे पहाड़ी रास्तों पर फिसलन बढ़ सकती है और यातायात प्रभावित होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता.

लंबे ड्राई स्पेल से परेशान किसान और बागवान

हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम ने किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ा दी है. अक्टूबर के बाद से प्रदेश में बारिश और बर्फबारी बेहद कम हुई है.

आंकड़ों के अनुसार, 1 दिसंबर से 25 दिसंबर के बीच प्रदेश में केवल 0.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य तौर पर 27.2 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी. यानी अब तक बारिश सामान्य से 99 प्रतिशत कम रही है.

इस लंबे ड्राई स्पेल के चलते सेब समेत अन्य फसलों पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है.

ये भी पढ़ें- न्यू ईयर पर हिमाचल जाने का बना रहे प्लान, तो जान लिजिए कहां मिलेगी बर्फ? उमड़ी टूरिस्टों की भीड़