सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट ने अपनी लोकप्रिय Memories सुविधा में बड़ा बदलाव किया है. अब यूजर्स को 5GB से अधिक डेटा स्टोर करने के लिए पैसे देने होंगे. ये फीचर शुरुआत से ही फ्री था, लेकिन अब कंपनी ने इस नीति में बदलाव कर पेड सब्सक्रिप्शन प्लान्स लागू कर दिए हैं.
स्नैपचैट का Memories फीचर यूजर्स को अपने फोटो और वीडियो को सुरक्षित रखने की सुविधा देता है. पहले यह सेवा पूरी तरह फ्री थी और कोई स्टोरेज लिमिट भी नहीं थी. लेकिन अब कंपनी ने 5GB तक की मुफ्त स्टोरेज देने का फैसला किया है. इसके बाद जो भी यूजर्स ज्यादा स्टोरेज चाहते हैं, उन्हें मासिक शुल्क के साथ पेड प्लान लेना होगा.
नए पेड प्लान और उनकी कीमतें
टेकक्रंच की रिपोर्ट के अनुसार, स्नैपचैट का यह नया पेड मॉडल धीरे-धीरे पूरे विश्व में लागू होगा. 100GB स्टोरेज का प्लान $1.99 प्रति माह (लगभग 176 रुपये) 250GB स्टोरेज का प्लान $3.99 प्रति माह (लगभग 354 रुपये) जिन यूजर्स का डेटा 5GB से ऊपर है, उन्हें 12 महीने के लिए अस्थायी एक्सेस दिया जाएगा और अपने डेटा को डाउनलोड करने का विकल्प भी मिलेगा.
यूजर्स में नाराजगी की लहर
स्नैपचैट के इस कदम के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने अपनी असंतोष जताई है. उनका कहना है कि यह बदलाव अनुचित और केवल मुनाफा कमाने की कोशिश है. हालांकि कंपनी का दावा है कि फ्री से पेड सर्विस में बदलाव करना मुश्किल होता है और इससे बेहतर सेवा दी जा सकेगी.
भविष्य में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का रुख
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में सोशल मीडिया कंपनियां स्टोरेज और अन्य प्रीमियम सुविधाओं के लिए शुल्क लेना सामान्य बात हो जाएगी. अब देखना यह होगा कि स्नैपचैट का यह नया मॉडल कितना सफल होता है और यूजर्स इसे किस तरह स्वीकार करते हैं. इस बदलाव से साफ है कि डिजिटल स्टोरेज की मांग बढ़ रही है और कंपनियां इसे नए बिजनेस अवसर के तौर पर देख रही हैं. यूजर्स के लिए यह समय सोच-समझ कर विकल्प चुनने का होगा.
यह भी पढ़ें: टिकटॉक और इंस्टाग्राम को टक्कर...चैटजीपीटी ला रहा खास ऐप, बस प्रॉम्प्ट दो और हो जाएगी VIDEO तैयार