मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और वैश्विक आर्थिक दबाव का असर अब सीधे भारत के मोबाइल बाजार पर दिखने लगा है. जहां पहले कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी की चर्चा हो रही थी, वहीं अब स्मार्टफोन की कीमतों में भी बड़ा उछाल देखने को मिल रहा है. ताजा आंकड़ों के अनुसार, मार्च तिमाही में भारत में मोबाइल हैंडसेट्स के दाम करीब 15% से 30% तक बढ़ गए हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं पर सीधा असर पड़ रहा है.
क्यों बढ़ रही हैं मोबाइल की कीमतें?
टेलीकॉम विशेषज्ञों के मुताबिक, इसके पीछे कई बड़े कारण हैं. सबसे अहम वजह भारतीय रुपये की कमजोरी है. भारत में ज्यादातर स्मार्टफोन असेंबल किए जाते हैं, लेकिन उनके जरूरी पार्ट्स जैसे मेमोरी चिप और प्रोसेसर विदेशों से आयात होते हैं.
जब रुपये की कीमत डॉलर के मुकाबले गिरती है, तो आयातित सामान महंगा हो जाता है, जिससे कंपनियों की लागत बढ़ती है. इसके अलावा, वैश्विक स्तर पर चिपसेट और मेमोरी की कीमतों में बढ़ोतरी भी एक बड़ा कारण है.
दूसरी ओर, ऊर्जा की लागत जैसे गैस और अन्य संसाधनों में बढ़ोतरी का असर भी उत्पादन लागत पर पड़ा है, जिसका बोझ कंपनियां अब ग्राहकों पर डाल रही हैं.
जंग ने बढ़ाई महंगाई की रफ्तार
मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष ने इस स्थिति को और गंभीर बना दिया है. LNG और हीलियम जैसी ऊर्जा से जुड़ी चीजों की कीमतों में उछाल आया है, जिससे इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री पर अतिरिक्त दबाव बना है. विशेषज्ञों का मानना है कि इसका असर आने वाले महीनों में और ज्यादा देखने को मिल सकता है.
बिक्री पर भी पड़ा असर
कीमतों में बढ़ोतरी का असर सिर्फ ग्राहकों की जेब तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बाजार पर भी पड़ा है. पिछले छह साल में पहली बार मोबाइल फोन की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई है. रिपोर्ट्स के अनुसार, बिक्री में करीब 3% की कमी आई है.
सबसे ज्यादा असर 15,000 रुपये तक की कीमत वाले स्मार्टफोन्स पर पड़ा है, जो आम लोगों की पहली पसंद होते हैं. इन कैटेगरी में कंपनियों ने 15% से 30% तक कीमतें बढ़ा दी हैं.
कितने मॉडल हुए महंगे?
भारत में इस समय 200 से ज्यादा स्मार्टफोन मॉडल बाजार में उपलब्ध हैं. इनमें से करीब 80 से ज्यादा मॉडलों की कीमतें बढ़ चुकी हैं. इतना ही नहीं, नए लॉन्च होने वाले फोन भी पहले के मुकाबले 25-30% तक महंगे आ रहे हैं.
कुछ लोकप्रिय स्मार्टफोन्स के नए दाम
यहां कुछ चर्चित मॉडलों के पुराने और नए दाम का अंतर देखा जा सकता है:
Vivo Y31
पहले: ₹14,999 → अब: ₹18,999
Realme C85
पहले: ₹15,499 → अब: ₹18,999
Xiaomi Redmi 15
पहले: ₹14,999 → अब: ₹16,499
Samsung Galaxy A17
पहले: ₹18,999 → अब: ₹19,499
Oppo A6x
पहले: ₹13,499 → अब: ₹16,999
विशेषज्ञों का मानना है कि यह बढ़ोतरी यहीं नहीं रुकेगी. अगर वैश्विक हालात ऐसे ही बने रहे, तो अगली तिमाही में कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है. साथ ही, मोबाइल की बिक्री में 10% तक की गिरावट भी देखने को मिल सकती है.
ये भी पढे़ं- CSK vs SRH: आज हैदराबाद के खिलाफ खेलने उतरेंगे महेंद्र सिंह धोनी? टीम के साथ भरी उड़ान, देखें Video