उसकी जान चली गई कोई तो बात करो... दीपू चंद्र दास की हत्या पर सिंगर टोनी कक्कड़ ने "चार लोगों" पर उठाया सवाल

Tony Kakkar Dipu Chandra Das Song: बांग्लादेश में एक हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की हत्या के बाद न केवल पड़ोसी देश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है, बल्कि भारत में भी सोशल मीडिया और सेलिब्रिटी चुप्पी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं.

Singer Tony Kakkar released a song on the murder of Bangladeshi Hindu Dipu Chandra Das
Image Source: Social Media

Tony Kakkar Dipu Chandra Das Song: बांग्लादेश में एक हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की हत्या के बाद न केवल पड़ोसी देश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है, बल्कि भारत में भी सोशल मीडिया और सेलिब्रिटी चुप्पी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. खासतौर पर उन लोगों पर निशाना साधा जा रहा है, जो अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर मुखर रहते हैं, लेकिन पड़ोस में हो रही धार्मिक हिंसा पर चुप नजर आते हैं.

इसी पृष्ठभूमि में सिंगर टोनी कक्कड़ का एक नया गाना चर्चा में आ गया है. बिना किसी का नाम लिए, टोनी ने अपने गीत के जरिए ऐसे लोगों पर कटाक्ष किया है, जो सोशल मीडिया पर चुनिंदा मुद्दों पर आवाज उठाते हैं, लेकिन वास्तविक और संवेदनशील घटनाओं पर मौन साध लेते हैं.

गाने के जरिए ‘चुनिंदा संवेदनशीलता’ पर तंज

टोनी कक्कड़ के गाने में “चार लोगों” का जिक्र है, जिन्हें उन्होंने प्रतीक के रूप में इस्तेमाल किया है. गाने के बोलों में इशारा उन लोगों की ओर है जो दूसरों की सफलता से असहज रहते हैं और सोशल मीडिया पर नकारात्मकता फैलाने में सक्रिय रहते हैं.

गीत में यह भी कहा गया है कि ये लोग धार्मिक हिंसा, जातिगत तनाव और हालिया गंभीर घटनाओं पर चुप रहते हैं, लेकिन छोटी-छोटी बातों या विवादास्पद विषयों पर शोर मचाने से पीछे नहीं हटते.

गाने के बोलों में दीपू चंद्र दास का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया गया है कि धर्म के नाम पर हिंसा को लेकर जिम्मेदार लोगों से सवाल क्यों नहीं पूछे जाते. टोनी का संदेश यह है कि नैतिकता और मानवता की बात केवल चयनित मुद्दों तक सीमित नहीं होनी चाहिए.

‘ऑल आइज ऑन गाजा’ और उठता दोहरा मापदंड का सवाल

मई 2025 में गाजा में इजरायल-फिलिस्तीन संघर्ष के दौरान सोशल मीडिया पर “ऑल आइज ऑन गाजा” अभियान को लेकर व्यापक समर्थन देखा गया था. कई बॉलीवुड सितारों ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए इस ट्रेंड से जुड़ी पोस्ट साझा कर मानवीय संकट पर ध्यान दिलाने की अपील की थी. इनमें वरुण धवन, आलिया भट्ट, प्रियंका चोपड़ा, सामंथा रूथ प्रभु, करीना कपूर, दीया मिर्जा, सोनम कपूर, स्वरा भास्कर, गौहर खान और ऋचा चड्ढा जैसे नाम शामिल रहे.

हालांकि, बांग्लादेश में दीपू चंद्र दास की हत्या और वहां हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित हमलों के बाद इन हस्तियों की चुप्पी को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं. कई लोगों का कहना है कि मानवाधिकार और संवेदना सार्वभौमिक होनी चाहिए, न कि केवल अंतरराष्ट्रीय ट्रेंड तक सीमित.

बांग्लादेश में बिगड़ते हालात और अल्पसंख्यकों की चिंता

रिपोर्ट्स के अनुसार, जुलाई 2024 में बांग्लादेश में छात्रों के हिंसक विरोध और सत्ता परिवर्तन के बाद हालात लगातार अस्थिर बने हुए हैं. पिछले डेढ़ साल से देश के कई हिस्सों में हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनमें अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के उत्पीड़न के आरोप भी लगे हैं. आलोचकों का कहना है कि मौजूदा हालात में देश में भारत-विरोधी माहौल को बढ़ावा दिया जा रहा है और कट्टरपंथी तत्व अधिक सक्रिय हो गए हैं.

दीपू चंद्र दास की हत्या से मचा आक्रोश

जानकारी के मुताबिक, 19 दिसंबर 2025 को 25 वर्षीय दीपू चंद्र दास की हत्या कर दी गई. यह घटना उससे एक दिन पहले कट्टरपंथी छात्र नेता उस्मान हादी की हत्या के बाद भड़के हिंसक प्रदर्शनों के बीच हुई.

दीपू पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया गया था, जिसके बाद भीड़ द्वारा उस पर हमला किया गया. इस घटना के बाद बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया.

इस घटना ने मानवाधिकार संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को गहरी चिंता में डाल दिया है. कई लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाएं कानून-व्यवस्था और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं.

कला, अभिव्यक्ति और जिम्मेदारी पर बहस तेज

टोनी कक्कड़ का गाना अब सिर्फ एक म्यूजिक रिलीज नहीं, बल्कि सामाजिक बहस का हिस्सा बन चुका है. समर्थकों का कहना है कि कलाकारों को अपने मंच का इस्तेमाल ऐसे मुद्दों पर सवाल उठाने के लिए करना चाहिए, जिन्हें अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है. वहीं आलोचकों का मानना है कि संवेदनशील अंतरराष्ट्रीय और धार्मिक मुद्दों पर बोलते समय संतुलन और तथ्यपरकता जरूरी है.

यह भी पढ़ें- गुड्डू भैया की वापसी की पहली झलक, अली फजल ने मिर्जापुर के सेट से शेयर की खास तस्वीरें; जमकर हो रही वायरल