Silver Ganesh Idol at Home: गणेश उत्सव के दौरान घरों में भगवान गणेश की स्थापना कर विधि-विधान से पूजा की जाती है. वहीं, कई भक्त चांदी से बनी गणेश जी की प्रतिमा को स्थायी रूप से घर में रखते हैं, जिसका विसर्जन नहीं किया जाता. धार्मिक, वास्तु और ज्योतिषीय मान्यताओं में चांदी के गणेश जी को शुभता, शांति और सकारात्मकता से जोड़ा गया है. मान्यता है कि घर में इनकी स्थापना और नियमित पूजा से सुख-समृद्धि आती है और परिवार में सकारात्मक वातावरण बना रहता है.
धन-समृद्धि से लेकर तरक्की तक के लाभ
वास्तु और ज्योतिष की मान्यताओं के अनुसार, चांदी के गणेश जी की पूजा करने से धन और समृद्धि से जुड़े लाभ मिल सकते हैं. चांदी को चंद्रमा और शीतलता से जुड़ी धातु माना जाता है, इसलिए इसकी प्रतिमा को घर में रखने से मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ने की मान्यता है. कहा जाता है कि गणेश जी की आराधना से यश, मान-सम्मान और प्रतिष्ठा में वृद्धि होती है. साथ ही, नौकरी, कारोबार और करियर में तरक्की, आर्थिक परेशानियों से राहत और घर में होने वाले कलह को कम करने की भी धार्मिक मान्यता है.
किस दिशा में रखें चांदी के गणेश जी?
चांदी के गणेश जी की प्रतिमा रखने के लिए दिशा का विशेष महत्व बताया गया है. मान्यता के अनुसार, इन्हें घर के ईशान कोण यानी उत्तर-पूर्व दिशा में या पूजा घर में रखना शुभ माना जाता है. प्रतिमा का मुख उत्तर या पूर्व दिशा की ओर होना बेहतर माना जाता है. घर के लिए गणेश जी की ऐसी प्रतिमा रखने की परंपरा है, जिसकी सूंड बाईं ओर मुड़ी हो, क्योंकि दाईं सूंड वाले गणेश जी की पूजा के नियम अधिक कठोर माने जाते हैं.
रोज पूजा और इन जगहों पर रखने से बचें
अगर घर में चांदी के गणेश जी की प्रतिमा स्थापित की गई है, तो नियमित रूप से पूजा और भोग लगाने की परंपरा है. भक्त अपनी श्रद्धा के अनुसार मोदक, लड्डू या अन्य प्रसाद अर्पित कर सकते हैं. मान्यता है कि प्रतिमा को बाथरूम के पास, सीढ़ियों के नीचे या बेडरूम में नहीं रखना चाहिए. व्यापारिक प्रतिष्ठानों में कुछ लोग चांदी के गणेश जी को गल्ले या तिजोरी में भी रखते हैं और इसे कारोबार में बरकत से जोड़कर देखते हैं. ये सभी बातें धार्मिक और ज्योतिषीय मान्यताओं पर आधारित हैं.
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. भारत 24 इसकी पुष्टि नहीं करता है.
ये भी पढ़ें: Ganesh Visarjan at Home: घर पर कैसे करें गणपति विसर्जन? जानिए पूरी विधि और जरूरी नियम