'कृष्णावतारम' को बॉक्स ऑफिस पर मिल रहा जबरदस्त रिस्पांस, 15 दिन में कर डाली छप्परफाड़ कमाई

Krishnavataram Box Office: भारतीय सिनेमा में माइथोलॉजिकल फिल्मों का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है और इसी कड़ी में 7 मई को रिलीज हुई फिल्म ‘कृष्णावतारम- पार्ट 1’ दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने में सफल रही है.

Siddharth Gupta Krishnavataram Part 1 The Heart box office collection
Image Source: Social Media

Krishnavataram Box Office: भारतीय सिनेमा में माइथोलॉजिकल फिल्मों का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है और इसी कड़ी में 7 मई को रिलीज हुई फिल्म ‘कृष्णावतारम- पार्ट 1’ दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने में सफल रही है. बिना बड़े प्रमोशन और भारी मार्केटिंग के थिएटरों में उतरी इस फिल्म ने अपनी भावनात्मक कहानी और भव्य प्रस्तुति के दम पर दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच लिया. खासतौर पर भगवान कृष्ण के किरदार में अभिनेता सिद्धार्थ गुप्ता की एक्टिंग को फैंस खूब पसंद कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर भी उनकी परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ हो रही है.

बड़े सितारों की फिल्मों के बीच बनाई मजबूत पकड़

इस समय बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’, ‘भूत बंगला’ और ‘दृश्यम 3’ जैसी बड़ी फिल्मों का दबदबा देखने को मिल रहा है, लेकिन इसके बावजूद ‘कृष्णावतारम’ ने अपनी अलग पहचान बनाई है. राम मोरी के चर्चित उपन्यास ‘सत्यभामा’ से प्रेरित इस फिल्म की कहानी दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ने में कामयाब रही. सैकनिल्क की रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 15 दिनों के भीतर घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 24.72 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है. जिस रफ्तार से फिल्म आगे बढ़ रही है, उसे देखते हुए जल्द ही इसका आंकड़ा 30 करोड़ तक पहुंच सकता है.

हिंदी के साथ दक्षिण भारत में भी मिला शानदार रिस्पॉन्स

फिल्म को केवल हिंदी में ही नहीं बल्कि तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज किया गया था. शुरुआती दिनों में दक्षिण भारत के दर्शकों ने भी इस फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स दिया. रिलीज के 15वें दिन ‘कृष्णावतारम’ ने सभी भाषाओं को मिलाकर 85 लाख रुपये की कमाई की, जबकि इसका ग्रॉस कलेक्शन 1.11 करोड़ रुपये रहा. हालांकि जैसे ही ‘दृश्यम 3’ सिनेमाघरों में पहुंची, तेलुगु और तमिल मार्केट में इस फिल्म की कमाई पर असर दिखाई देने लगा. 15वें दिन तेलुगु वर्जन ने जहां 9 लाख रुपये कमाए, वहीं तमिल भाषा में इसका कलेक्शन सिर्फ 1 लाख रुपये तक सीमित रह गया.

दुनियाभर में 29 करोड़ के करीब पहुंची फिल्म

घरेलू बॉक्स ऑफिस के अलावा विदेशों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो ‘कृष्णावतारम- पार्ट 1’ अब तक करीब 29.15 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुकी है. निर्देशक हार्दिक गज्जर ने पहले ही खुलासा किया था कि इस फिल्म का बजट लगभग 60 करोड़ रुपये है. ऐसे में फिल्म को अपना पूरा बजट निकालने के लिए अभी करीब 30 करोड़ रुपये और कमाने होंगे. हालांकि ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई में और इजाफा देखने को मिल सकता है.

यूपी में टैक्स फ्री होने से मिल सकता है बड़ा फायदा

फिल्म की सांस्कृतिक और धार्मिक भावनाओं को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने इसे टैक्स फ्री कर दिया है. इस फैसले के बाद उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में फिल्म को और ज्यादा दर्शक मिल सकते हैं. खासकर परिवारों और धार्मिक विषयों में रुचि रखने वाले दर्शकों के बीच इसका क्रेज लगातार बढ़ रहा है. अगर यही ट्रेंड जारी रहा तो ‘कृष्णावतारम- पार्ट 1’ आने वाले हफ्तों में बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ और मजबूत कर सकती है.

ये भी पढ़ें: मोहनलाल की वो 7 फिल्में, जिन्होंने थिएटर्स में मचाया था तूफान, 'दृश्यम 3' से पहले देख लें जरूर