क्रिकेटर ऑफ द ईयर बने ये दो खिलाड़ी, BCCI ने ट्रॉफी के साथ दिया बड़ा कैश अवॉर्ड; जानें पूरी डिटेल

BCCI Awards: भारतीय क्रिकेट के कई सितारों को इस साल भी शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के वार्षिक पुरस्कार समारोह में पिछले सीजन में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मान मिला. 

Shubman Gill and Smriti Mandhana became Cricketer of the Year BCCI big cash award along trophy
Image Source: Social Media

BCCI Awards: भारतीय क्रिकेट के कई सितारों को इस साल भी शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के वार्षिक पुरस्कार समारोह में पिछले सीजन में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मान मिला. 

इस मौके पर भारतीय पुरुष टीम के वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल और महिला टीम की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना को 2024-25 सीजन का क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना गया.

नई दिल्ली में हुआ पुरस्कार समारोह

15 मार्च को नई दिल्ली के एक होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट से जुड़े कई बड़े खिलाड़ी और अधिकारी मौजूद रहे. समारोह में उन टीमों को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने हाल के समय में अंतरराष्ट्रीय और जूनियर स्तर पर बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं.

अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली पुरुष और महिला टीमों को भी सम्मान दिया गया. इसके अलावा सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम और हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में पहली बार विश्व कप जीतने वाली महिला टीम भी समारोह में शामिल रही. पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम को भी इस कार्यक्रम में सम्मानित किया गया. सभी विजेता खिलाड़ियों को बीसीसीआई की ओर से पदक दिए गए.

मंधाना और गिल को मिला बड़ा पुरस्कार

समारोह का सबसे खास पल तब आया जब स्मृति मंधाना और शुभमन गिल को साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में सम्मानित किया गया. मंधाना ने पिछले सीजन में करीब 1800 रन बनाए थे, जिसके लिए उन्हें यह सम्मान मिला.

वहीं शुभमन गिल ने पूरे सीजन में 1565 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया. इसके लिए उन्हें प्रतिष्ठित पॉली उमरीगर पुरस्कार से सम्मानित किया गया. दोनों खिलाड़ियों को ट्रॉफी के साथ-साथ 15-15 लाख रुपये की इनामी राशि भी दी गई.

इन दिग्गजों को मिला लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार

इस कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट के दिग्गजों को भी खास सम्मान दिया गया. पूर्व कोच राहुल द्रविड़, बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी और पूर्व महिला कप्तान मिताली राज को भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान के लिए आजीवन उपलब्धि पुरस्कार से सम्मानित किया गया.

युवा खिलाड़ियों को भी मिला सम्मान

इसके अलावा कई युवा खिलाड़ियों को भी उनके प्रदर्शन के लिए पुरस्कार दिए गए. तेज गेंदबाज हर्षित राणा को पुरुष क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ पदार्पण खिलाड़ी का पुरस्कार मिला, जबकि श्री चरणी को महिला क्रिकेट में यह सम्मान दिया गया.

घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले हर्ष दुबे को रणजी ट्रॉफी में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर चुना गया. वहीं आयुष म्हात्रे को विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर का पुरस्कार दिया गया. इस तरह बीसीसीआई के इस वार्षिक समारोह में सीनियर खिलाड़ियों से लेकर युवा प्रतिभाओं तक कई क्रिकेटरों को उनके प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया.

ये भी पढ़ें- क्या अमेरिका में होने वाला है 9/11 जैसा हमला? तेहरान के इस दावे से मचा हड़कंप; जानें पूरी डिटेल