Bangladesh Hindu Faimly Murder: बांग्लादेश के रंगपुर शहर से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक ही परिवार के चार लोग संदिग्ध हालात में मृत पाए गए. मृतकों में एक रिटायर्ड शिक्षक, उनकी पत्नी, बेटी और 12 साल का बेटा शामिल हैं.
चारों के शव घर के अंदर अलग-अलग जगहों पर मिले. शुरुआती जांच के बाद पुलिस को शक है कि परिवार के सभी सदस्यों की गला घोंटकर हत्या की गई है. हालांकि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी.
कई घंटे से बंद थे परिवार के फोन
यह घटना रंगपुर के दासपारा इलाके की बताई जा रही है. शनिवार रात करीब 11:30 बजे पुलिस को एक घर के अंदर चार लोगों के शव होने की जानकारी मिली. मृतकों की पहचान 65 वर्षीय गणपति चक्रवर्ती, उनकी 50 वर्षीय पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती, 23 वर्षीय बेटी आगामी चक्रवर्ती प्रार्थी और 12 वर्षीय बेटे प्रियम चक्रवर्ती के रूप में हुई है.
परिवार के लोगों के मुताबिक, गुरुवार रात से ही चारों के मोबाइल फोन बंद आ रहे थे. प्रीतिलता की छोटी बहन ने बताया कि उनकी आखिरी बार अपनी बहन से गुरुवार दोपहर बातचीत हुई थी. इसके बाद जब फोन लगातार बंद मिला तो परिवार के लोग शनिवार रात उनके घर पहुंचे.
घर का गेट बंद था, अंदर अंधेरा था
जब रिश्तेदार घर पहुंचे तो मुख्य गेट बंद था. घर के अंदर की सभी लाइटें भी बंद थीं. उन्हें किसी अनहोनी का शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को जानकारी दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुई.
तलाशी के दौरान परिवार के चारों सदस्यों के शव अलग-अलग जगहों पर मिले. पुलिस के मुताबिक, गणपति चक्रवर्ती का शव घर की छत पर मिला. उनकी पत्नी और बेटी के शव सीढ़ियों के पास मिले, जबकि 12 साल के बेटे का शव एक बेड के नीचे मिला.
गला घोंटकर हत्या का शक
CID की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि चारों की गला घोंटकर हत्या की गई हो सकती है. पुलिस को शक है कि वारदात गुरुवार आधी रात से शुक्रवार सुबह के बीच हुई होगी.
हालांकि अभी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है. मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घर में कोई जबरन दाखिल हुआ था या परिवार के किसी जानने वाले का इस घटना से संबंध है.
रिटायरमेंट के बाद होम्योपैथी का काम करते थे गणपति
परिजनों के अनुसार, गणपति चक्रवर्ती की किसी से दुश्मनी नहीं थी. वह पिछले साल 31 दिसंबर को रंगपुर जिला स्कूल से रिटायर हुए थे. रिटायरमेंट के बाद वह होम्योपैथी से जुड़ा काम करते थे. उनकी बेटी ने इसी साल रंगपुर के कारमाइकल कॉलेज से अंग्रेजी में मास्टर्स की पढ़ाई पूरी की थी. वहीं 12 साल का बेटा रंगपुर जिला स्कूल में पांचवीं कक्षा में पढ़ता था.
चार साल से इसी घर में रह रहा था परिवार
स्थानीय लोगों के मुताबिक, चक्रवर्ती परिवार करीब चार साल से दासपारा इलाके में रह रहा था. गणपति ने यहां तीन मंजिला मकान बनवाया था. बताया जा रहा है कि घर का कुछ निर्माण कार्य अभी बाकी था. परिवार के लोगों का कहना है कि उन्हें किसी तरह की दुश्मनी या विवाद की जानकारी नहीं थी. ऐसे में चार लोगों की एक साथ मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
पुलिस, CID और DB की टीम जांच में जुटी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ CID और डिटेक्टिव ब्रांच की टीमें भी जांच कर रही हैं. अधिकारी घर से सबूत जुटाने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रहे हैं. रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस कमिश्नर ने कहा है कि मामले की जांच को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी जा रही है.
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. इसके बाद मौत की असली वजह और घटना से जुड़े कई सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है. फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि परिवार के चारों सदस्यों की मौत कैसे हुई और इसके पीछे आखिर किसका हाथ है.
ये भी पढ़ें- El Nino: 2027 में झुलसने वाली है धरती! हो सकता है अब तक का सबसे गर्म साल, भारत समेत दुनियाभर में असर