बिग बॉस 19 के वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के रूप में शहबाज़ बदेशा की एंट्री ने शो में नई हलचल पैदा कर दी है. हालांकि उनके आते ही सोशल मीडिया पर कई लोगों ने आरोप लगाया कि शहबाज़ को सिर्फ इसलिए मौका मिला क्योंकि वह बिग बॉस 13 की फाइनलिस्ट और पॉपुलर एक्ट्रेस शहनाज़ गिल के भाई हैं. चर्चा इतनी बढ़ गई कि अब इस पूरे मामले पर उनके पिता संतोख सिंह ने खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है.
एक इंटरव्यू में संतोख सिंह ने बिना किसी घुमाव के स्पष्ट कहा कि अगर शहबाज़ को शहनाज़ की वजह से शो में जगह मिली है तो इसमें कोई बुराई नहीं है. उन्होंने कहा कि,“अगर मैं आज आपके सामने बैठकर इंटरव्यू दे रहा हूं, तो वो भी शहनाज़ और शहबाज़ की वजह से ही है. भाई-बहन होने के नाते एक-दूसरे का साथ देना गलत नहीं. दोनों एक-दूसरे के लिए जान देने वाले भाई-बहन हैं.”उनके इस बयान ने सोशल मीडिया पर चल रही कई चर्चाओं को सीधे जवाब दे दिया.
“नाम बहन का हो सकता है, लेकिन मेहनत अपनी”
संतोख सिंह ने आगे साफ कहा कि परिवार में अगर कोई सेलिब्रिटी है, तो उसका नाम चलना स्वाभाविक है. उन्होंने कहा “अगर हमारी फैमिली में कोई सेलिब्रिटी या बड़ा अधिकारी है, तो नाम तो जुड़ता ही है. शहबाज़ अगर शहनाज़ की वजह से आया है तो ये सच है. लेकिन अब जो कर रहा है, वो अपने दम पर कर रहा है.” उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि शो में आने के बाद शहबाज़ को अपनी पहचान खुद बनानी होगी, और वह यही कर भी रहा है.
शो अपने अंतिम पड़ाव पर
बिग बॉस 19 का सफर अगस्त में शुरू हुआ था और तीन महीनों के ड्रामा, एंटरटेनमेंट और विवादों के बाद इसका फिनाले 7 दिसंबर 2025 को पूरा हुआ. इस दौरान शहबाज़ की वाइल्ड कार्ड एंट्री ने शो की TRP में भी नया ट्विस्ट जोड़ा, जबकि उनकी मौजूदगी अब भी दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है.
यह भी पढ़ें: नेत्रा मंटेना की ग्रैंड वेडिंग में जूनियर ट्रंप के बेटे की शादी में नाचे रणवीर सिंह, VIDEO वायरल