सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में मुंबई और असम के बीच खेले गए मुकाबले में कुछ ऐसा हुआ, जो टी20 क्रिकेट के इतिहास में शायद ही कभी देखने को मिलता है. मुंबई के कप्तान शार्दुल ठाकुर ने अपनी जबरदस्त गेंदबाजी से असम की पूरी बल्लेबाजी को चित कर दिया. पावरप्ले में ही असम की आधी टीम को वापस पवेलियन भेजते हुए शार्दुल ने दिखा दिया कि क्यों वह इस समय भारतीय क्रिकेट का एक अहम हिस्सा बन चुके हैं.
पावरप्ले में शार्दुल का कहर
220 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी असम की टीम के लिए शार्दुल ठाकुर ने पहले तीन ओवर में ही गेम को पूरी तरह से पलट दिया. शार्दुल ने पारी के पहले ही ओवर में असम के तीन महत्वपूर्ण बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया. पहले ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने असम के ओपनर डेनिश दास को आउट किया. फिर तीसरी गेंद पर अब्दुल अजीज कुरैशी को चलता किया और 5वीं गेंद पर रियान पराग को भी शिकार बना लिया.
इसके बाद शार्दुल का हौसला और बढ़ा, और उन्होंने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर भी एक विकेट लिया. इस तरह से शार्दुल ने सिर्फ 7 गेंदों में चार विकेट ले डाले, जो कि किसी भी गेंदबाज के लिए एक सपना सा लगता है. फिर तीसरे ओवर में उन्होंने एक और विकेट झटका और 23 रन देकर पांच विकेट पूरे किए. इसने असम की टीम को बुरी तरह से कमजोर कर दिया.
असम की पारी की धज्जियां उड़ी
शार्दुल की खतरनाक गेंदबाजी के चलते पावरप्ले के खत्म होने तक असम का स्कोर 6 विकेट पर सिर्फ 49 रन था. शार्दुल का ये प्रदर्शन न केवल असम के बल्लेबाजों के लिए सिरदर्द बना, बल्कि यह मुंबई के लिए एक आत्मविश्वास का स्रोत भी बना. असम की पूरी टीम 220 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 122 रन पर ढेर हो गई. मुंबई ने यह मैच 98 रनों से जीतकर साबित कर दिया कि शार्दुल ठाकुर के नेतृत्व में उनकी गेंदबाजी इकाई कितनी मजबूत है. इस दौरान साईराज पाटिल और अथर्व अंकोलेकर ने भी शानदार गेंदबाजी की और दो-दो विकेट अपने नाम किए. वहीं, शम्स मुलानी ने भी एक विकेट लिया.
शार्दुल ठाकुर का आईपीएल 2025 से पहले शानदार फॉर्म
शार्दुल ठाकुर का यह शानदार प्रदर्शन मुंबई इंडियंस के लिए अच्छे संकेत साबित हो सकता है, जिन्होंने उन्हें आईपीएल 2025 से पहले लखनऊ की टीम से ट्रेड किया है. शार्दुल के इस फॉर्म से मुंबई को अपनी टीम के लिए एक मजबूत गेंदबाज मिल सकता है, जो उनकी गेंदबाजी विभाग को और भी मजबूत कर सकता है. मुंबई ने इस मैच में जीत के साथ न केवल सैयद मुश्तक अली ट्रॉफी में अपना दबदबा बनाए रखा, बल्कि शार्दुल ठाकुर के शानदार प्रदर्शन ने क्रिकेट प्रेमियों को भी यह सोचने पर मजबूर किया कि आगामी आईपीएल में वह कितना बड़ा रोल अदा कर सकते हैं.
मुंबई की आसानी से जीत
शार्दुल ठाकुर की गेंदबाजी के चलते मुंबई को 98 रनों से जीत मिली. असम के बल्लेबाजों को कभी भी खेलने का मौका नहीं मिला और पूरी टीम 19.1 ओवर में 122 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. शार्दुल ठाकुर ने अपनी गेंदबाजी से साबित कर दिया कि क्यों वह टीम इंडिया के भरोसेमंद गेंदबाजों में से एक हैं.
ये भी पढ़ें: IND vs SA: नितीश रेड्डी की हुई वापसी तो इस प्लेयर की होगी छुट्टी, दूसरे ODI में कैसी होगी टीम इंडिया की प्लेइंग 11?