टीवी का सबसे चहेता रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ अपने 19वें सीजन के साथ एक बार फिर जबरदस्त एंटरटेनमेंट का वादा लेकर लौट रहा है. सलमान खान की मेजबानी वाला यह शो 24 अगस्त से टीवी और ओटीटी दोनों पर प्रसारित होगा. इस बार मेकर्स कुछ ऐसा करने जा रहे हैं जो पहले कभी नहीं हुआ. शो की तैयारी ज़ोरों पर है और प्रतियोगियों की फाइनल लिस्ट को लेकर चर्चाएं भी तेज़ हो गई हैं.
खबरों के मुताबिक, ‘बिग बॉस 19’ का यह सीजन अब तक का सबसे लंबा होगा और पूरे पांच महीने तक चलेगा. इस लंबे समय के कारण कई बड़े नाम शो से दूरी बना चुके हैं. बताया जा रहा है कि मेकर्स अब तक 45 से ज़्यादा जानी-मानी हस्तियों से संपर्क कर चुके हैं, लेकिन ज़्यादातर सेलिब्रिटीज ने लंबे समय तक घर में कैद रहने की शर्त पर हामी नहीं भरी.
शैलेश लोढ़ा और पायल गेमिंग को मिला ऑफर
इसी बीच दो चर्चित नाम सामने आए हैं जिन्हें ‘बिग बॉस’ के निर्माताओं ने शो में शामिल होने का प्रस्ताव दिया है. पहला नाम है शैलेश लोढ़ा, जो लोकप्रिय टीवी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में ‘तारक मेहता’ की भूमिका निभाकर घर-घर में पहचाने जाते हैं. दूसरा नाम है पायल धरे उर्फ पायल गेमिंग, जो भारत की टॉप गेमिंग क्रिएटर्स में से एक हैं और यूट्यूब व सोशल मीडिया पर खासा प्रभाव रखती हैं. हालांकि, इन दोनों ने अभी तक शो में शामिल होने को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. लेकिन उनके नाम सामने आने से सोशल मीडिया पर फैंस की उत्सुकता और भी बढ़ गई है.
बदली गई शो की रणनीति
पहले ऐसा कहा जा रहा था कि इस बार शो में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को जगह नहीं दी जाएगी, लेकिन जब बड़े सितारे पीछे हटने लगे तो मेकर्स को अपनी योजना में बदलाव करना पड़ा. अब कंटेंट क्रिएटर्स, गेमर्स और यूट्यूबर्स को भी शो में शामिल करने की तैयारी हो रही है. सूत्रों के अनुसार, इस बार का ‘बिग बॉस’ सीजन एक्टर्स और टीवी सितारों से ज्यादा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पर फोकस करता नजर आएगा. यही वजह है कि पायल गेमिंग जैसे डिजिटल क्रिएटर्स की एंट्री अब संभावनाओं की लिस्ट में सबसे ऊपर है.
शो को लेकर बढ़ा क्रेज
‘बिग बॉस 19’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. सलमान खान एक बार फिर शो को अपने खास अंदाज में होस्ट करेंगे, जो दर्शकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण होता है. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि इस बार बिग बॉस के घर का हिस्सा कौन-कौन बनता है और क्या शैलेश लोढ़ा व पायल गेमिंग वाकई शो में दिखाई देंगे या नहीं.
यह भी पढ़ें: इस खूबसूरत हसीना को डेट कर रहे धनुष? Son Of Sardar 2 में कर चुकी हैं काम, Viral Video के बाद चर्चा तेज