बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान और उनके बेटे आर्यन खान के लिए यह साल खास उपलब्धियां लेकर आया है. एक तरफ शाहरुख खान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और सम्मान हासिल किया है, तो दूसरी ओर आर्यन खान ने भी अपनी अलग पहचान बनाई है. शाहरुख को Variety की दुनिया के 100 महान फिल्मी सितारों की सूची में जगह मिली है. वहीं, आर्यन खान का नाम TIME100 Next India की लिस्ट में शामिल हुआ है. पिता और बेटे की इन उपलब्धियों से खान परिवार एक बार फिर सुर्खियों में है.
दुनिया के 100 महान फिल्मी सितारों में शाहरुख खान का नाम
शाहरुख खान को Variety की ओर से जारी दुनिया के 100 महान फिल्मी सितारों की सूची में 92वां स्थान मिला है. इस सूची में जगह बनाने वाले वह इकलौते भारतीय अभिनेता बताए जा रहे हैं. भारतीय सिनेमा में अपने लंबे करियर और दुनियाभर में लोकप्रियता के लिए पहचाने जाने वाले शाहरुख की यह उपलब्धि खास मानी जा रही है.
इस सूची में शाहरुख खान के करियर की प्रतिनिधि फिल्म के तौर पर उनकी चर्चित फिल्म 'देवदास' का जिक्र किया गया है. वहीं, हॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री मर्लिन मुनरो को पहला, हम्फ्री बोगार्ट को दूसरा और चार्ली चैपलिन को तीसरा स्थान मिला है. शाहरुख खान इस सूची में एमा स्टोन और जेंडाया जैसे सितारों से भी आगे हैं.
आर्यन खान ने TIME100 Next India में बनाई जगह
शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान ने भी मनोरंजन की दुनिया में अपनी अलग राह चुनी है. उन्होंने एक्टिंग के बजाय निर्देशन में कदम रखा और नेटफ्लिक्स की सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' से बतौर निर्देशक डेब्यू किया. इस सीरीज को लेकर आर्यन काफी चर्चा में रहे थे.
अब आर्यन का नाम TIME100 Next India की सूची में शामिल हुआ है. यह सूची उन उभरते चेहरों को पहचान देती है, जो भारत में बिजनेस, मनोरंजन, विज्ञान, खेल और सामाजिक क्षेत्र सहित अलग-अलग क्षेत्रों में भविष्य को आकार देने में भूमिका निभा रहे हैं. इस उपलब्धि के साथ आर्यन को ग्लोबल मैगजीन TIME के कवर पर भी जगह मिली है.
गौरी खान ने शेयर की बेटे की तस्वीर, सेलेब्स ने दी बधाई
आर्यन की इस उपलब्धि पर उनकी मां गौरी खान ने भी खुशी जाहिर की. उन्होंने TIME मैगजीन के कवर पर छपी बेटे की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की और अपनी खुशी हार्ट इमोजी के जरिए जाहिर की. गौरी की पोस्ट पर फिल्मी दुनिया से जुड़े कई लोगों ने प्रतिक्रिया दी और आर्यन को बधाई दी. फराह खान, मलाइका अरोड़ा, सिकंदर खेर, राघव जुयाल और शालिनी पासी समेत कई सेलेब्स ने उन्हें शुभकामनाएं दीं.
TIME100 Next India की सूची में आर्यन के अलावा आलिया भट्ट, फिल्ममेकर पायल कपाड़िया और थेजा रियो जैसे नाम भी शामिल हैं. वहीं, स्कायरूट के सह-संस्थापक पवन कुमार चंदना को भी मैगजीन के एक अन्य कवर पर जगह मिली है. सिंगर दिलजीत दोसांझ और अनिरुद्ध रविचंदर भी इस सूची का हिस्सा हैं.
पिता पर्दे पर तो बेटा कैमरे के पीछे बना रहा पहचान
शाहरुख खान ने अपनी फिल्मों और अभिनय से दुनियाभर में पहचान बनाई है. वहीं, आर्यन खान ने मनोरंजन जगत में कदम रखते हुए निर्देशन का रास्ता चुना. उनकी पहली सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' के बाद अब TIME100 Next India में जगह मिलना उनके करियर के लिए एक अहम उपलब्धि है. खास बात यह है कि पिता और बेटे दोनों ने मनोरंजन की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है. जहां शाहरुख खान को अभिनय के लिए अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिला है, वहीं आर्यन को निर्देशन के क्षेत्र में अपने काम के लिए पहचान मिल रही है.
यह भी पढ़ें: Ramayana: भारत की पांचवी सबसे बड़ी फिल्म बनी 'रामायण', दंगल को पछाड़कर बनेगी नंबर वन? जानें कलेक्शन