Ramayana: भारत की पांचवी सबसे बड़ी फिल्म बनी 'रामायण', दंगल को पछाड़कर बनेगी नंबर वन? जानें कलेक्शन

रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है. सिनेमाघरों में रिलीज के दो हफ्ते पूरे करने के बाद फिल्म ने कमाई के मामले में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है.

Ramayana becomes Indias fifth-biggest film box office collection dangal bahubali 2
Image Source: Social Media

Ramayana Box Office Collection: रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है. सिनेमाघरों में रिलीज के दो हफ्ते पूरे करने के बाद फिल्म ने कमाई के मामले में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है. वर्ल्डवाइड कलेक्शन के आधार पर यह भारतीय सिनेमा की पांचवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है. हालांकि, अब इसके सामने चार बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ने की चुनौती है. इनमें 'पुष्पा 2', 'बाहुबली 2', 'धुरंधर 2' और आमिर खान की 'दंगल' शामिल हैं.

फिल्म की कमाई में अब वीकडेज के दौरान गिरावट देखने को मिल रही है, लेकिन अभी इसके पास सिनेमाघरों में कमाई करने के लिए कुछ और हफ्ते हैं. ऐसे में सवाल है कि क्या 'रामायण' इन चारों फिल्मों को पीछे छोड़कर भारतीय सिनेमा की नंबर वन फिल्म बन पाएगी?

दो हफ्ते में 'रामायण' ने कितनी कमाई की?

सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, रणबीर कपूर की 'रामायण' ने रिलीज के 14वें दिन भारत में 23.20 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. वहीं, फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 27.65 करोड़ रुपये रहा. विदेशों में भी फिल्म ने 14वें दिन करीब 8 करोड़ रुपये की कमाई की.

दो हफ्तों की कुल कमाई की बात करें तो फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 844.40 करोड़ रुपये पहुंच गया है. वहीं, ग्रॉस कलेक्शन 1009.05 करोड़ रुपये हो चुका है. विदेशों से फिल्म ने करीब 510 करोड़ रुपये कमाए हैं. इस तरह 'रामायण' का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1519.05 करोड़ रुपये हो गया है.

इस कमाई के साथ फिल्म ने भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में पांचवां स्थान हासिल कर लिया है.

पुष्पा 2 और बाहुबली 2 से कितनी आगे है चुनौती?

अब 'रामायण' के सामने सबसे पहले अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' का रिकॉर्ड तोड़ने की चुनौती है. इस फिल्म ने दुनियाभर में करीब 1742 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. ऐसे में 'रामायण' को इससे आगे निकलने के लिए लगभग 223 करोड़ रुपये और कमाने होंगे.

इसके बाद एसएस राजामौली की 'बाहुबली 2' का नंबर आता है. इस फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 1788 करोड़ रुपये रहा था. यानी इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए 'रामायण' को लगभग 269 करोड़ रुपये की अतिरिक्त कमाई करनी होगी.

दोनों फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 'रामायण' को आने वाले दिनों में अपनी कमाई की रफ्तार बनाए रखनी होगी.

धुरंधर 2 को पीछे छोड़ना भी नहीं होगा आसान

इस लिस्ट में अगला नाम 'धुरंधर 2' का है. फिल्म ने दुनियाभर में करीब 1813 करोड़ रुपये का कारोबार किया है. 'रामायण' फिलहाल इस आंकड़े से पीछे है. इसे 'धुरंधर 2' से आगे निकलने के लिए लगभग 294 करोड़ रुपये और कमाने होंगे.

अगर रणबीर कपूर की फिल्म यह आंकड़ा पार कर लेती है, तो वह भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगी. हालांकि, इसके बाद भी सबसे बड़ा रिकॉर्ड तोड़ना बाकी रहेगा.

दंगल को पीछे छोड़ना होगी सबसे बड़ी चुनौती

भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की बात हो और आमिर खान की 'दंगल' का नाम न आए, ऐसा नहीं हो सकता. इस फिल्म ने दुनियाभर में करीब 2070 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था और यह अब तक इस सूची में पहले स्थान पर है.

'रामायण' का वर्ल्डवाइड कलेक्शन फिलहाल 1519.05 करोड़ रुपये है. ऐसे में 'दंगल' का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए इसे करीब 551 करोड़ रुपये और कमाने होंगे.

अब देखना होगा कि रणबीर कपूर की 'रामायण' आने वाले दिनों में कितनी कमाई करती है. फिल्म के पास अभी सिनेमाघरों में प्रदर्शन जारी रखने का मौका है, लेकिन टॉप फिल्मों के रिकॉर्ड तक पहुंचने के लिए इसे लगातार अच्छी कमाई करनी होगी. फिलहाल बॉक्स ऑफिस पर सबकी नजर इसी बात पर टिकी है कि क्या 'रामायण' भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्म बन पाएगी.

ये भी पढ़ें- दो प्राइवेट पार्ट्स के साथ पैदा हुई महिला, एडल्ट इंडस्ट्री ने दिया करोड़ों का ऑफर, जानें पूरी कहानी