India-America Relation: भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने यूएस-इंडिया ट्रेड डील को लेकर जारी अनिश्चितता पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है.
सर्जियो गोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मजबूत संबंधों का जिक्र करते हुए एक निजी किस्सा भी साझा किया, जिसमें ट्रंप ने अचानक सुबह 6 बजे पीएम मोदी को फोन लगाने की बात कही थी.
US-India पार्टनरशिप फोरम में बयान
गोर ने सोमवार (29 जून) को अमेरिका-इंडिया स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप फोरम (USISPF) में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने मियामी में एक UFC कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप के साथ बिताई गई एक शाम का उल्लेख किया और बताया कि कैसे दोनों नेताओं के बीच तालमेल और अनौपचारिक संवाद की शैली देखने को मिली.
फोन कॉल का दिलचस्प किस्सा
उन्होंने बताया कि ट्रंप ने अचानक कहा कि वे प्रधानमंत्री मोदी को कॉल करना चाहते हैं. इस पर गोर ने उन्हें याद दिलाया कि भारत में उस समय सुबह के करीब 6 बजे होंगे. ट्रंप ने जवाब दिया कि “वो जाग रहे होंगे, मेरी तरह.” हालांकि, बाद में यह कॉल तुरंत नहीं बल्कि अगले दिन के लिए तय की गई.
नेताओं के रिश्तों पर टिप्पणी
सर्जियो गोर ने कहा कि यह घटना दिखाती है कि दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत स्तर पर कितनी सहजता और भरोसा है. उन्होंने कहा कि जब रिश्ते मजबूत होते हैं, तो बातचीत औपचारिक समय और नियमों से आगे निकल जाती है.
भारत-अमेरिका संबंधों पर जोर
गोर ने यह भी कहा कि ट्रंप भारत के साथ संबंधों को व्यक्तिगत रूप से महत्व देते हैं और दोनों देश मिलकर सहयोग बढ़ाना चाहते हैं. उनके अनुसार ट्रंप के पास भारत की कई सकारात्मक यादें हैं और वे अपने कार्यकाल के दौरान हुई भारत यात्रा को अक्सर याद करते हैं.
ये भी पढ़ें- कश्मीर पाकिस्तान का हिस्सा नहीं... PoK में प्रदर्शनकारियों का विरोध तेज, शहबाज-मुनीर को दी चेतावनी