Gurudwara In Pakistan: पाकिस्तान में 125 साल पुराने एक गुरुद्वारे को गिराए जाने की घटना पर भारत ने कड़ी नाराजगी जताई है. भारत सरकार ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यकों और उनके पूजा स्थलों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है. भारत का कहना है कि यह कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि एक गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत इस घटना की कड़ी निंदा करता है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में धार्मिक असहिष्णुता और सांप्रदायिक हिंसा का माहौल चिंता का विषय है. उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समुदायों के धार्मिक स्थलों पर हमले स्वीकार नहीं किए जा सकते और ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
Our response to media queries regarding reported demolition of 125-year-old Gurdwara in Pakistan ⬇️
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) July 1, 2026
🔗 https://t.co/V7QUzNwuRm pic.twitter.com/WpWGONrnIp
पाकिस्तान से क्या मांग की?
भारत ने पाकिस्तान सरकार से मांग की है कि इस मामले की जल्द और निष्पक्ष जांच कराई जाए. साथ ही, घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए. भारत ने यह भी कहा कि जिस हिस्से को नुकसान पहुंचा है, उसका जल्द से जल्द पुनर्निर्माण कराया जाए ताकि गुरुद्वारा पहले की तरह बहाल हो सके.
अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर जोर
भारत ने पाकिस्तान से यह भी कहा है कि वह अपने यहां रहने वाले अल्पसंख्यक समुदायों और उनके पूजा स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करे. सरकार का कहना है कि पाकिस्तान को धार्मिक असहिष्णुता और सांप्रदायिक हिंसा पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों.
ये भी पढ़ें- दिल्ली में 6 लेन द्वारका टनल, यूपी को नया एक्सप्रेस हाईवे... मोदी कैबिनेट में कई प्रस्तावों हुए पास