Farsa Wale Baba Murder: मथुरा से एक बेहद गंभीर खबर सामने आई है. ब्रज क्षेत्र के प्रसिद्ध गौरक्षक चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की हत्या कर दी गई है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में गुस्सा और दुख का माहौल बना हुआ है.
यह घटना कोसी कलां थाना क्षेत्र के नवीपुर गांव की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे यह वारदात हुई. बताया जा रहा है कि बाबा गौ तस्करों का पीछा कर रहे थे. इसी दौरान तस्करों ने उन्हें वाहन से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों के बीच शोक की लहर दौड़ गई.
एक आरोपी पकड़ा गया, बाकी फरार
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया है. हालांकि तीन अन्य आरोपी मौके से भागने में सफल हो गए. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.
इस घटना के बाद गौरक्षकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. इस हत्या से संत समाज में भी नाराजगी है और उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा की है.
हाईवे पर जाम लगाकर किया प्रदर्शन
घटना के विरोध में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए. दिल्ली-आगरा हाईवे पर जाम लगा दिया गया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया. लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की जरूरत है.
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब प्रदर्शन कर रहे लोगों और पुलिस के बीच टकराव हो गया. गुस्साए लोगों ने पुलिस की गाड़ियों पर पथराव कर दिया, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, लेकिन इसके बावजूद कुछ समय तक तनाव बना रहा.
इलाके में तनाव का माहौल
मथुरा और वृंदावन जैसे धार्मिक क्षेत्र में इस तरह की घटना से लोगों में डर और गुस्सा दोनों देखने को मिल रहे हैं. लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं. फिलहाल पुलिस स्थिति को संभालने की कोशिश कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है. आने वाले समय में इस मामले में क्या कार्रवाई होती है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है.
ये भी पढ़ें- Haryana Diary: हरियाणा में जल जीवन मिशन 2.0 शुरू! 3000 करोड़ का मेगा प्लान लॉन्च