ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक हैरान कर देने वाली घटना घटी, जब पाकिस्तान से आई सीमा हैदर के घर में एक अनजान युवक जबरन घुस आया और उसने उस पर हमला कर दिया. इस अप्रत्याशित हमले ने न केवल सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य और सोशल मीडिया की चर्चाओं के प्रभाव पर भी बहस छेड़ दी है.
गला दबाकर मारने की कोशिश, शोर मचाते ही जुटे लोग
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सीमा हैदर के घर का दरवाजा खटखटाने के बजाय जोर-जोर से लात मारनी शुरू कर दी. जैसे ही सीमा ने दरवाजा खोला, युवक ने अचानक उस पर झपट्टा मारा, उसका गला दबाने की कोशिश की और फिर तीन-चार जोरदार थप्पड़ जड़ दिए. सीमा ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद उसके परिजन और आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़ लिया.
गुजरात से आया युवक, मानसिक स्थिति ठीक नहीं
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी की पहचान गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के रहने वाले तेजस झानी के रूप में हुई है. जांच में सामने आया है कि वह शनिवार को ट्रेन से दिल्ली आया और अलग-अलग साधनों से रबूपुरा पहुंचा. पूछताछ में उसने दावा किया कि सीमा हैदर और उसके साथी सचिन ने उस पर 'काला जादू' किया है. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में युवक की मानसिक स्थिति असामान्य लग रही है.
स्थानीय लोगों ने की पिटाई, फिर पुलिस को सौंपा
हमलावर को सीमा के घरवालों और पड़ोसियों ने पकड़ने के बाद पहले तो पीटा, फिर तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और फिलहाल उससे पूछताछ जारी है. साथ ही, उसके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही हैं, ताकि उसके इरादों और मानसिक स्थिति को बेहतर तरीके से समझा जा सके.
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
पहलगाम हमले के बाद सीमा हैदर की सुरक्षा को लेकर पुलिस द्वारा सख्त निगरानी का दावा किया जा रहा था. मगर, इस हमले ने इन दावों की पोल खोल दी है. एक मानसिक रूप से असंतुलित युवक का इतनी दूर से आकर सीमा के घर तक पहुंच जाना सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर चूक को दर्शाता है. एसीपी सार्थक सेंगर ने कहा है कि मामले की गंभीर जांच के आदेश दिए गए हैं.
यह भी पढ़ें: हेलीकॉप्टर की तरह कार को मॉडिफॉई करवाना पड़ा भारी, UP के इस शख्स का पुलिस ने काटा 25 हजार रुपये का चालान