सोशल मीडिया पर इन दिनों जिस नाम को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वह किसी फिल्मी सितारे या यूट्यूबर का नहीं, बल्कि 63 वर्षीय लेखिका और रिलेशनशिप एक्सपर्ट सीमा आनंद का है. हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान उन्होंने रिश्तों, अंतरंगता और समाज से जुड़े कुछ संवेदनशील विषयों पर बेबाक राय रखी थी. इसके बाद अचानक वह सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर आ गईं और उन्हें जमकर ट्रोल किया जाने लगा.
ट्रोलिंग यहीं तक सीमित नहीं रही. सीमा आनंद की तस्वीरों को AI की मदद से मॉर्फ कर अश्लील रूप में सोशल मीडिया पर फैलाया गया. अब इस पूरे मामले पर सीमा ने खुद सामने आकर चुप्पी तोड़ी है और ट्रोल्स को कड़ा जवाब दिया है.
इंस्टाग्राम वीडियो के जरिए जताया विरोध
सीमा आनंद ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह सीधे तौर पर उन लोगों से सवाल करती नजर आईं, जिन्होंने उनकी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ की. वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा कि इंटरनेट पर कुछ लोग बयानों को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं और महज व्यूज पाने के लिए एडिटेड कंटेंट फैला रहे हैं, जबकि असली और गंभीर मुद्दों को नजरअंदाज किया जा रहा है.
AI से बनी फर्जी तस्वीरों पर जताई नाराजगी
वीडियो में सीमा बताती हैं कि बीते हफ्ते उनकी कुछ तस्वीरों को AI के जरिए न्यूड रूप में बदलकर सोशल मीडिया पर डाला गया. उन्होंने साफ किया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन जिस तरह से लोग इन तस्वीरों पर भद्दे कमेंट कर रहे थे, वह बेहद परेशान करने वाला था.सीमा ने उस एडिटेड तस्वीर का भी जिक्र किया, जिसमें उनके चेहरे को किसी और व्यक्ति के शरीर पर लगा दिया गया था. उन्होंने कहा कि कुछ लोग इसे कम आपत्तिजनक बता रहे थे, लेकिन उनके अनुसार यह भी उतना ही गलत और खतरनाक है.
‘यह सोच बेहद घिनौनी है’
सीमा आनंद ने ऐसे एडिट्स को रेपिस्ट मानसिकता करार देते हुए कहा कि किसी महिला के चेहरे को इस तरह गलत संदर्भ में इस्तेमाल करना बेहद शर्मनाक है. उन्होंने युवाओं की सोच पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ लोग घर बैठकर महिलाओं, लड़कियों और यहां तक कि बच्चियों की फर्जी न्यूड तस्वीरें बनाने में लगे हैं.उन्होंने गुस्से और दुख के साथ कहा, “मैं 63 साल की हूं, क्या तुम्हें मेरी न्यूड तस्वीरें चाहिए?” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
खुलकर बोलने की वजह से बनीं निशाना
गौरतलब है कि सीमा आनंद एक जानी-मानी स्टोरीटेलर, माइथोलॉजिस्ट और रिलेशनशिप एक्सपर्ट हैं. वह रिश्तों, सेक्सुएलिटी और इंटिमेसी जैसे विषयों पर खुलकर बात करती हैं और अपनी कहानियों के जरिए लोगों को जागरूक करने की कोशिश करती हैं. उनका मानना है कि इन मुद्दों पर चुप्पी ही कई सामाजिक और मानसिक समस्याओं की जड़ है.सीमा का यह वीडियो न सिर्फ ट्रोलिंग के खिलाफ एक मजबूत बयान बनकर सामने आया है, बल्कि डिजिटल दौर में महिलाओं की सुरक्षा और सोच पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है.
यह भी पढ़ें: फराह के शो में कौन होंगे कंटेस्टेंट? इन सेलेब्स के नाम हुए कंफर्म; देखें लिस्ट